गति शक्ति योजना: छपरा जंक्शन की बदलेगी सूरत, ₹39 करोड़ से संवरेगा स्टेशन
सारण के छपरा जंक्शन पर 39 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य होंगे, जिसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।

छपरा जंक्शन। फाइल फोटो
HighLights
छपरा जंक्शन पर 39 करोड़ रुपये के विकास कार्य।
गति शक्ति योजना के तहत स्टेशन का होगा कायाकल्प।
यात्री सुविधाओं में होगा सुधार, टेंडर जारी।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण के रेल यात्रियों के लिए छपरा जंक्शन पर बेहतर सुविधाओं की उम्मीद बढ़ गई है। लंबे समय से विकास कार्यों की प्रतीक्षा कर रहे इस महत्वपूर्ण स्टेशन की सूरत बदलने की तैयारी है।
गति शक्ति योजना के तहत करीब 39 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
होल्डिंग एरिया से डारमेट्री तक होगा विकास
प्रस्तावित योजना के तहत स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया, पीआरएस टिकट काउंटर, डारमेट्री और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया जाएगा। स्टेशन भवन को भी नए स्वरूप में विकसित करने की योजना है।
इसके अलावा प्लेटफार्म के चौड़ीकरण समेत यात्री सुविधाओं से जुड़े अन्य कार्य कराए जाएंगे। इससे यात्रियों के बैठने, प्रतीक्षा करने और टिकट लेने की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को संभालने में भी सहूलियत मिलेगी।
अधिकारियों के निरीक्षण के बाद बढ़ी उम्मीद
छपरा जंक्शन के विकास को लेकर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी पहले भी निरीक्षण कर चुके हैं। इस दौरान स्टेशन की मौजूदा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और विस्तार की संभावनाओं का जायजा लिया गया था।
हाल में एडीआरएम (इंफ्रा) अजय कुमार ने भी स्टेशन का निरीक्षण कर विकास कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। अब टेंडर जारी होने से प्रस्तावित कार्यों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जगी है।
नए स्वरूप में विकसित होगा स्टेशन
छपरा जंक्शन पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल का महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न स्थानों के लिए आवागमन करते हैं।
ऐसे में स्टेशन परिसर का विस्तार और सुविधाओं का विकास यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है। योजना पूरी होने पर स्थानीय यात्रियों के साथ दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- बगहा में वाणिज्य कर विभाग की किरण टेक्सटाइल पर छापेमारी, टैक्स चोरी की जांच
