विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बगहा में वाणिज्य कर विभाग की किरण टेक्सटाइल पर छापेमारी, टैक्स चोरी की जांच

By Abu Sabir Edited By: Ajit kumar
Published: Sat, 24 Oct 2026 03:45 PM (IST)

Bagaha Commercial Tax Raid: पश्चिमी चंपारण के बगहा में वाणिज्य कर विभाग ने टैक्स चोरी की आशंका में किरण टेक्सटाइल ...और पढ़ें

शनिवार को जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो मुजफ्फरपुर और बगहा अंचल की संयुक्त टीम ने जांच की।

शनिवार को जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो मुजफ्फरपुर और बगहा अंचल की संयुक्त टीम ने जांच की।

संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। Bagaha Commercial Tax Raid: पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा में वाणिज्य कर विभाग ने टैक्स चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसी क्रम में शनिवार को जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो मुजफ्फरपुर और बगहा अंचल की संयुक्त टीम ने बगहा-2 स्थित किरण टेक्सटाइल पर अचानक छापेमारी की।

संचालक कुंदन कुमार के इस प्रतिष्ठान में पहुंची विभागीय टीम ने दुकान के भीतर कर भुगतान से जुड़े तमाम अभिलेखों और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।

संयुक्त टीम की कार्रवाई

इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी अभियान में राज्य कर संयुक्त आयुक्त उदय कुमार, तिरहुत मुजफ्फरपुर के प्रमंडलीय अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारी, राज्य कर उपायुक्त सोनू कुमार और सहायक आयुक्त पवन कुमार साह शामिल रहे।

इसके अलावा बगहा अंचल के राज्य कर सहायक आयुक्त विभांशु कौशल चौधरी और रवि शंकर भी टीम का हिस्सा थे। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान के स्टॉक, बिक्री और कर भुगतान के विवरणों का क्रॉस-वेरिफ़िकेशन किया।

अनियमितता की आशंका

वाणिज्य कर विभाग द्वारा कर भुगतान में गड़बड़ी या अनियमितता की आशंका वाले मामलों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी के तहत प्रतिष्ठान में यह औचक जांच की गई है, ताकि उपलब्ध दस्तावेजों के जरिए वास्तविक स्थिति का पता चल सके।

हालांकि, छापेमारी की इस कार्रवाई के दौरान कर चोरी या अनियमितता की पुष्टि को लेकर अधिकारियों ने तत्काल कोई आधिकारिक विस्तृत बयान नहीं दिया है।

आगे होगी कार्रवाई

मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि प्रतिष्ठान से जब्त किए गए बही-खातों और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर विभाग द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वाणिज्य कर विभाग की इस सख्त कार्रवाई से स्थानीय कारोबारियों के बीच समय पर टैक्स भुगतान और कागजातों को दुरुस्त रखने को लेकर हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें- फर्जी ईवे बिलों से कागजों पर हुई कफ सीरप की सप्लाई, STF ने वाणिज्य कर विभाग से मांगा सत्यापित रिकॉर्ड