बिहार पुलिस के दारोगा ने जापान में गाड़ा झंडा, मेडल जीतने पर सीएम ने किया सम्मानित
सारण के काजीपुर निवासी बॉबी कुमार ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स की सेपक टाकरा स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है।

सारण के बॉबी ने एशियन गेम्स में लहराया तिरंगा, जीता कांस्य
HighLights
बॉबी कुमार ने एशियन गेम्स में सेपक टाकरा में कांस्य पदक जीता।
बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बॉबी को सम्मानित किया।
बॉबी कुमार पुलिस सेवा में अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
संवाद सूत्र, डोरीगंज (सारण)। सारण के काजीपुर की मिट्टी से निकले बॉबी कुमार ने एशियन गेम्स में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर सारण का मान बढ़ाया है।
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स की सेपक टाकरा स्पर्धा में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले बॉबी की उपलब्धि पर बिहार सरकार ने भी उन्हें सम्मानित किया। पटना के लोकसेवक भवन में मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
मेहनत के दम पर देश को दिलाया पदक:
सम्मान समारोह में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और बॉबी की मां मंजु देवी भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने बॉबी की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि बॉबी कुमार ने प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश के साथ बिहार का गौरव बढ़ाया है।
काजीपुर निवासी मुन्ना उपाध्याय और मंजु देवी के पुत्र बॉबी ने एशियन गेम्स के क्वाड मुकाबले में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने वियतनाम, लाओस और म्यांमार को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
खेल के साथ पुलिस सेवा में भी योगदान:
बॉबी कुमार खेल प्रतिभा के साथ पुलिस सेवा में भी योगदान दे रहे हैं। राज्य सरकार की खेल नीति के तहत वह वर्तमान में अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलना और पुलिस सेवा की जिम्मेदारी निभाना उनकी उपलब्धि को खास बनाता है।
काजीपुर में खुशी, बधाइयों का दौर:
बॉबी के सम्मान की खबर गांव पहुंचते ही काजीपुर और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
सरपंच प्रतिनिधि एवं समाजसेवी रजनीश कुमार, मंतोष कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि रामएकबाल चौरसिया, अजय भूषण और अरविंद कुमार सिंह समेत अन्य खेल प्रेमियों को बधाई दी है।
यह भी पढ़ें- एशियाई खेल 2026 में भारतीय नारी शक्ति का परचम: पदक और सशक्तिकरण की नई गाथा
