बिहार से मुंबई-पुणे यात्रा आसान; दानापुर-समस्तीपुर से रेलवे चलाएगा कई स्पेशल ट्रेनें, देखें डिटेल
रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिहार से मुंबई और पुणे के लिए ...और पढ़ें

गर्मी की छुट्टियों में चलेंगी कई ट्रेनें।
HighLights
गर्मी की भीड़ हेतु बिहार से मुंबई-पुणे स्पेशल ट्रेनें।
सोनपुर को मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा मिली।
दानापुर से भी पुणे-मुंबई के लिए ट्रेनें उपलब्ध।
संवाद सूत्र, नया गांव (सारण)। गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिहार से मुंबई और पुणे जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है।
भारतीय रेल ने दानापुर और समस्तीपुर से कई समर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि इनमें से एक प्रमुख ट्रेन का ठहराव सोनपुर स्टेशन पर भी होगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधे मुंबई जाने की सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुणे, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) और समस्तीपुर के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित तिथियों तक किया जाएगा।
इन ट्रेनों के चलने से न केवल लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि सारण और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यात्रा और भी सुगम हो जाएगी।
सोनपुर को मिला सीधा कनेक्शन
गाड़ी संख्या 01043/01044 लोकमान्य तिलक–समस्तीपुर स्पेशल ट्रेन का सोनपुर में ठहराव तय किया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को लोकमान्य तिलक से चलकर अगले दिन शाम 7:30 बजे सोनपुर पहुंचेगी।
जबकि वापसी में गुरुवार को समस्तीपुर से खुलकर सुबह 5:30 बजे सोनपुर पहुंचेगी। इससे सोनपुर और आसपास के यात्रियों को मुंबई के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।
दानापुर से पुणे और मुंबई के लिए सेवा
इसके अलावा, दानापुर से पुणे और लोकमान्य तिलक के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो आरा, बक्सर और डीडीयू जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए गंतव्य तक पहुंचेंगी। ये ट्रेनें जुलाई 2026 तक संचालित होंगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेलवे के इस फैसले से गर्मी की छुट्टियों में घर लौटने या बाहर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी। साथ ही, भीड़भाड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन पर विचार किया जाएगा।
