बिहार में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी को बनाया खेल मंत्री, राज्यपाल ने की तारीफ; सुनाया जम्मू-कश्मीर का अनुभव
राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बनियापुर में सम्मान भवन का उद्घाटन करते हुए बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की ...और पढ़ें

सम्मान भवन का उद्घाटन करते राज्यपाल सैयद अता हसनैन, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह व अन्य। जागरण
HighLights
राज्यपाल ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को राष्ट्रीय गौरव बताया।
खेल को सामाजिक सौहार्द और युवा विकास का माध्यम बताया।
'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देगी।
संवाद सूत्र, बनियापुर (सारण)। बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने कहा कि किसी दूसरे देश में ऐसा उदाहरण नहीं मिलता, जहां राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी को खेल मंत्री बनाया गया हो।
बिहार में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी श्रेयसी सिंह को खेल मंत्री बनाया जाना गर्व की बात है। राज्यपाल शुक्रवार को बनियापुर खेल मैदान में खेल सेल की ओर से निर्मित सम्मान भवन का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने खेल, खिलाड़ियों और सामाजिक बदलाव में खेल की भूमिका पर अपने विचार रखे। राज्यपाल ने श्रेयसी सिंह की सराहना करते हुए कहा कि 14 अप्रैल को बिहार आने के बाद उनकी सबसे पहले मुलाकात इनसे हुई थी।
खेल से युवाओं को मिलती है सकारात्मक दिशा
राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर में अपनी पदस्थापना के दिनों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां उन्होंने 14 प्रीमियर लीग का एक महीने तक आयोजन कराया था।
इसमें 80 टीमों के करीब 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से वहां के लोगों के बीच खेल को लेकर उत्साह बढ़ा और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिली।
उन्होंने कहा कि खेल सामाजिक सौहार्द और शांति स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। खेल गतिविधियों से लोगों का ध्यान सकारात्मक कार्यों की ओर आकर्षित होता है। उन्होंने इसे क्षेत्र में बदलाव का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
राज्यपाल ने बनियापुर खेल मैदान से भी जुड़ाव जताते हुए कहा कि यहां जब भी कोई खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी, वह उसमें शामिल होने का प्रयास करेंगे। साथ ही अपनी ओर से खिलाड़ियों को सम्मानित भी करेंगे।
मेडल लाइये और नौकरी पाइये से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बनियापुर आकर उन्हें अपने ननिहाल आने जैसा अनुभव हो रहा है। उन्होंने अपने सांसद मामा जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के क्षेत्र में आमंत्रित कर सम्मानित करने के लिए उनके प्रति आभार जताया।
उन्होंने बताया कि बिहार में तीन स्थानों पर एकलव्य खेल विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
खेल को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने 'मेडल लाइये और नौकरी पाइये' की घोषणा की है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
खेल से मजबूत होता है सामाजिक भाईचारा
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि खेल समारोह समाज के सभी जाति और धर्म के लोगों को एक सूत्र में बांधने का माध्यम है। खेल के मैदान में जाति और धर्म का भेदभाव समाप्त हो जाता है तथा आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में बनियापुर विधायक केदारनाथ सिंह, स्वर्ण आयोग के अध्यक्ष महाचंद्र सिंह, विधायक जनक सिंह, द्वेषकांत सिंह और हेमनारायण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के संबोधन के साथ हुआ।