विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली स्वीकृति, छपरा, सिवान और गोपालगंज के यात्रियों को सौगात

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:26 AM (IST)

रेलवे ने भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दी है, जिसका ठहराव छपरा जंक्शन पर होगा। इससे सारण, सिवान और ...और पढ़ें

रेलमंत्री से सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की मुलाकात। सौ-स्‍वयं

रेलमंत्री से सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की मुलाकात। सौ-स्‍वयं

HighLights

  1. भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली रेलवे की मंजूरी।

  2. छपरा जंक्शन पर होगा ठहराव, सारण यात्रियों को लाभ।

  3. गुजरात और पश्चिमी भारत से सीधी रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में रेलवे ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को स्वीकृति दी गई है।

यह ट्रेन छपरा जंक्शन होकर गुजरेगी और यहां इसका ठहराव भी होगा। इससे सारण के साथ सिवान और गोपालगंज के यात्रियों को गुजरात और पश्चिमी भारत के कई शहरों तक पहुंचने के लिए रेल यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद राजीव प्रताप रूडी को इस संबंध में जानकारी दी है। सांसद ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त अमृत भारत एक्सप्रेस लंबी दूरी की रेल यात्रा को सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। 

2532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस 2532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन संख्या 19427 भुज से सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 5:30 बजे रवाना होगी।

यह यात्रा के चौथे दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रात 11:55 बजे बरौनी से रवाना होगी।

यह यात्रा के चौथे दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी। इस तरह दोनों दिशाओं में ट्रेन का परिचालन सप्ताह में तीन-तीन दिन किया जाएगा।

छपरा सहित इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

नई ट्रेन के रास्ते में गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों को शामिल किया गया है। गुजरात में समाखियाली और अहमदाबाद, राजस्थान में रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर में इसका ठहराव होगा।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश में मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा और गोरखपुर जैसे स्टेशन इस सेवा से जुड़ेंगे। बिहार में सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव निर्धारित किया गया है।

इससे छपरा के यात्रियों को गुजरात के अहमदाबाद और भुज के साथ राजस्थान के प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई शहरों से भी सारण क्षेत्र का सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा।

सारण के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में मिलेगी सहूलियत

छपरा जंक्शन सारण प्रमंडल का महत्वपूर्ण रेल केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री बिहार के विभिन्न जिलों के साथ दूसरे राज्यों की यात्रा करते हैं। गुजरात और राजस्थान में काम करने वाले लोगों, कारोबारियों और अन्य यात्रियों के लिए नई ट्रेन उपयोगी साबित हो सकती है।

सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से क्षेत्र के लाखों यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क भी सुदृढ़ होगा।

रेलवे की इस पहल से चार राज्यों के प्रमुख शहरों के बीच आवागमन को सुविधा मिलेगी। ट्रेन के नियमित परिचालन की शुरुआत की तारीख की जानकारी अलग से घोषित की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।