दो चोरों को रेल पुलिस ने किया गिरफ्तार
सफर के दौरान मौका पाते ही यात्रियों का सामान चुराकर चंपत हो जाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सोनपुर रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सोनपुर। सफर के दौरान मौका पाते ही यात्रियों का सामान चुराकर चंपत हो जाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सोनपुर रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के सदस्य अक्सर मेल एवं एक्सप्रेस सहित सवारी गाड़ियों में ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसमें से एक को मौके से गिरफ्तार किया गया जबकि उसकी निशानदेही पर दूसरे को वैशाली जिले के सराय थाना अंतर्गत मलाही टोला से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार भोनू कुमार गुप्ता को सोनपुर से जबकि उसके भाई दिलीप कुमार गुप्ता को सराय उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को देखते ही वह छत से कूद कर भागने लगा। इसके बाद उसे खदेड़कर पुलिस ने पकड़ लिया। छापेमारी का नेतृत्व सोनपुर रेल थानाध्यक्ष ¨सघेश कुमार ¨सह सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार ¨सह के साथ कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए चोरों के पास एक चाकू तथा फाइटर व बुलेट बरामद किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस गिरोह में सात बदमाश हैं। किसी भी ट्रेन में हाजीपुर में सवार होते हैं और गाड़ी के सोनपुर पहुंचने के पूर्व तथा स्टेशन से खुलने के बाद एक निश्चित स्थान पर यात्री का सामान चुरा नीचे फेंक देते हैं। इस गिरोह के दूसरे सदस्य वहां घात लगाए बैठे होते हैं। गाड़ी के पार करते ही सामान को उठा कर चंपत हो जाते हैं। बाद में चोरी की माल का वे लोग आपस में बंटवारा करते हैं। ऐसी घटनाओं की सूचना रेल पुलिस को मिल रही थी। इसी बीच रेल पुलिस ने इसकी रेकी शुरू की और गुरुवार को सोनपुर रेल पुलिस ने चुपके से एक योजना तैयार करके इन सदस्यों को दबोचने का जाल बुना। सोनपुर स्टेशन के बाद जैसे ही गाड़ी आगे निकली कि इसके सदस्य रेलवे लाइन पर पहुंचे। तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।