सूबे के 16 केंद्रीय विद्यालय बंद होने के कगार पर
छपरा सहित सूबे के 16 केंद्रीय विद्यालय बंद होने के कगार पर हैं। विद्यालयों के लिए भूमि नहीं मिलने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। फिलवक्त प्रदेश में 46 केंद्रीय विद्यालय चल रहे हैं।
छपरा। छपरा सहित सूबे के 16 केंद्रीय विद्यालय बंद होने के कगार पर हैं। विद्यालयों के लिए भूमि नहीं मिलने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। फिलवक्त प्रदेश में 46 केंद्रीय विद्यालय चल रहे हैं। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को परिसदन में पत्रकारों को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय को लेकर बिहार सरकार की नीति काफी ढुलमुल है। उनके संसदीय क्षेत्र में भी केंद्रीय विद्यालय बंद होने के कगार पर है। बिहार सरकार अगर भूमि उपलब्ध करा दे तो शीघ्र ही केंद्रीय विद्यालय के लिए राशि आवंटित हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।
भूमि अधिग्रहण बिल पर चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह किसानों के फायदे के लिए है। कुछ लोग किसानों को गुमराह कर अपनी राजनीतिक रोटी सेंक रहे हैं। इस बिल के पारित होने पर सरकारी कार्यों के लिए ही किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। निजी क्षेत्र से इसका कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल से बिहार जैसे आर्थिक रूप से कमजोर राज्य को फायदा मिलेगा। विकसित राज्यों के लिए यह बिल ज्यादा मायने नहीं रखता, इसके लागू होने पर बिहार का विकास होगा, यहां में नए उद्योग लगेंगे।