चोरी की सूमो के साथ 16 बकरियां बरामद
संसू, दिघवारा (सारण) : चोरी की सूमो में लादकर ले जाये जा रहे चोरी की 16 बकरियों को पुलिस ने रविवार की रात बरामद कर लिया। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मिली जानकारी के अनुसार दिघवारा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पटना-छपरा मुख्यमार्ग के निजामचक के पास पंचबटी होटल के सामने एक सूमो खड़ी है जिसमें बकरियों को रखा गया है। सभी बकरियों के मुंह पर टेप चिपकाया गया था। सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने वाहन की जांच की। जांच में सूमो के अंदर बकरियां लदी थी। जिसमें से एक की मौत दम घुटने से हो चुकी थी। हालांकि पुलिस आने की भनक लगने से धधेबाज व सूमो चालक फरार हो गये थे। बताया जाता है कि बकरियों को एक नामी गिरामी होटल में सप्लाई करना था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से बकरियों की चोरी की जाती थी और उन्हें शहर में जाकर उनका मांस होटलों में सप्लाई किया जाता था। इस प्रकार की सूचना पहले भी पुलिस को मिली थी। इसी कारण पुलिस पहले से चौकन्नी थी।