भागलपुर की बेटी, समस्तीपुर में पोस्टिंग... अचानक बिगड़ी तबीयत और जिंदगी की जंग हार गई महिला सिपाही
महिला सिपाही रेशम कुमारी का पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया, जिससे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

रेशम कुमारी (फाइल फोटो)
HighLights
महिला सिपाही रेशम कुमारी ने पटना के IGIMS में अंतिम सांस ली।
तीन दिन की बीमारी के बाद इलाज के दौरान उनका निधन हुआ।
पुलिस महकमे और सहकर्मियों में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। कर्तव्य की राह पर तैनात महिला सिपाही रेशम कुमारी आखिरकार जिंदगी की जंग हार गईं। बंगरा थाना में प्रतिनियुक्त रेशम ने रविवार की रात करीब एक बजे पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आइजीआइएमएस) में अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों के बीच उनकी असामयिक विदाई से गमगीन माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, करीब तीन दिन पूर्व अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर शहर के आदर्शनगर स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
हालांकि, उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पटना के एक निजी अस्पताल में भी उनका उपचार चला। इसके बाद उन्हें आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मूल रूप से भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित तुलसी मिश्रा लेन की निवासी रेशम कुमारी के निधन से पुलिस परिवार ने अपनी एक सहकर्मी खो दी है।
बंगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि वह पहले से भी बीमार चल रही थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनके निधन से सहकर्मियों के बीच शोक और उदासी का माहौल है।