विनोद समस्तीपुर जिला केंद्रीय सहकारिता बैंक के अध्यक्ष निर्वाचित
जिला केंद्रीय सहकारिता बैंक के अध्यक्ष पद पर राजद जिलाध्यक्ष विनोद राय निर्वाचित हुए।
समस्तीपुर। जिला केंद्रीय सहकारिता बैंक के अध्यक्ष पद पर राजद जिलाध्यक्ष विनोद राय निर्वाचित हुए। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राम कलेवर प्रसाद ¨सह को 30 वोट से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। जबकि उपाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार ने अपने प्रतिद्वंदी ललन इस्सर को 12 मतों से शिकस्त दी। निदेशक के पिछड़ा वर्ग कोटि से हुए चुनाव में राज कुमार यादव विजयी रहे।
अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में गुरुवार को काफी गहमागहमी के बीच मतगणना के बाद विजयी उम्मीदवारों की घोषणा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी अशोक कुमार मंडल ने जिला केन्द्रीय सहकारिता बैंक के अध्यक्ष पद पर विनोद राय के चुने जाने की घोषणा की। विनोद राय को कुल 200 मत प्राप्त हुए जबकि उनके एक मात्र प्रतिद्वंदी राम कलेवर प्रसाद ¨सह को 170 वोट मिले। जबकि 5 वोट रद घोषित किये गए। इस तरह 30 वोट से विनोद राय निर्वाचित घोषित हुए। उपाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार को 189 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी ललन इस्सर को 177 मत प्राप्त हुए। जबकि 9 वोट अवैध घोषित हो गए। 12 वोटों से सुनील कुमार को उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने की घोषणा की गई। जबकि निदेशक पिछड़ा वर्ग के एक पद पर राज कुमार यादव को 194 मत हासिल हुए जबकि उनके प्रतिद्वंदी शत्रुघ्न प्रसाद को 174 वोट मिले। 7 वोटों को अवैध घोषित किया गया। कुल 20 वोटों से वे विजयी रहे। इस मतदान में कुल 466 में से कुल 375 मतदाताओं ने भाग लिया।
सभी निर्वाचितों को सौंपा गया प्रमाण पत्र
अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं निदेशक के पदों पर चुने गये सभी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया। पूर्व में निर्विरोध चुने गये निदेशक के आठ उम्मीदवारों को भी प्रमाण पत्र एसडीओ ने सौंपा।
सुबह सात बजे से कराया गया मतदान
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं निदेशक के एक पद के चुनाव को लेकर सुबह सात बजे से ही मतदान कराया गया। मतदान को लेकर अपराह्न तीन बजे तक समय निर्धारित था। कड़ी सुरक्षा के बीच अनुमंडल कार्यालय में हुए मतदान में कुल 466 वोटरों में से 375 ने इसमें हिस्सा लिया। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्वक् संपन्न हुआ। हालांकि मतदान एवं मतगणना को लेकर समर्थकों की भारी भीड़ एसडीओ कार्यालय परिसर में जुटी रही। दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा। किसी भी स्थिति से निवटने के लिए प्रशासन ने भी तैयारी कर रखी थी। एसडीओ आफिस में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे।
पहली बार राजद ने जमाया कब्जा
कॉपरेटिव बैक के अध्यक्ष पद पर अब तक कांग्रेस नेताओं का ही कब्जा रहा है। डॉ. राम उदार चौधरी लंबे समय तक इस बैंक के अध्यक्ष रहे। जबकि राम कलेवर प्रसाद ¨सह उपाध्यक्ष रहे हैं। कॉपरेटिव बैक के बोर्ड में भी अधिकांश सदस्य कांग्रेस के ही रहे हैं। पिछली बार भी राजद जिलाध्यक्ष विनोद राय ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था पर वे महज कुछ ही वोटों के अंतर से हार गए थे। इस बार उन्होंने पूरी ताकत लगा दी। राजद के भी नेताओं का समर्थन उन्हें इस चुनाव में मिला। जिसके कारण वे इस पद पर कब्जा जमाने में कामयाब रहे।