Vaibhav के जिले के पुष्पम बने बिहार अंडर-19 क्रिकेट टीम के कप्तान, वीनू मांकड़ ट्रॉफी में संभालेंगे कमान
Pushpam Raj Bihar U19 Captain: समस्तीपुर के विभूतिपुर निवासी युवा क्रिकेटर पुष्पम राज को बिहार अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान ...और पढ़ें

HighLights
पुष्पम राज बिहार अंडर-19 क्रिकेट टीम के कप्तान बने।
वीनू मांकड़ ट्रॉफी में बिहार टीम का नेतृत्व करेंगे।
समस्तीपुर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने पुष्पम।
संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। Pushpam Raj Bihar U19 Captain: वैभव सूर्यवंशी के जिले यानी समस्तीपुर के विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत नरहन के रहने वाले युवा क्रिकेटर पुष्पम राज को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
उन्हें बिहार अंडर-19 क्रिकेट टीम का नया कप्तान चुना गया है। पांडिचेरी में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित वीनू मांकड़ ट्रॉफी अंडर-19 टूर्नामेंट में पुष्पम ही बिहार टीम का नेतृत्व करेंगे। उनकी इस शानदार उपलब्धि से समस्तीपुर जिले समेत पूरे उत्तर बिहार के खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह और गर्व का माहौल है।
शिक्षक परिवार से ताल्लुक रखते हैं पुष्पम
साधारण पृष्ठभूमि और स्थानीय मैदानों से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले पुष्पम राज की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रमाण है।
उनके पिता नवीन कुमार एक निजी स्कूल के संचालक हैं, जबकि उनकी माता कुमारी चंद्रकला शिक्षिका हैं। पुष्पम की इस कामयाबी में उनके माता-पिता के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग की अहम भूमिका रही है।
इन मजबूत टीमों से होगा मुकाबला
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में बिहार की टीम का कड़ा मुकाबला उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, ओडिशा और हरियाणा जैसी मजबूत टीमों से होगा।
कप्तान के रूप में पुष्पम राज पर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाने और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
उभरते खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणास्त्रोत
स्थानीय स्तर से निकलकर सीधे राज्य की अंडर-19 टीम की कप्तानी संभालने वाले पुष्पम की यह कहानी अब विभूतिपुर और समस्तीपुर के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है।
उनकी इस सफलता पर स्थानीय खेलप्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने उन्हें और पूरी बिहार टीम को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
यह भी पढ़ें- मोतिहारी के साकिबुल गनी बने बिहार रणजी टीम के कप्तान, उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलेंगे पहला मैच
