विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी के साकिबुल गनी बने बिहार रणजी टीम के कप्तान, उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलेंगे पहला मैच

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:02 PM (IST)

Bihar vs Uttar Pradesh Ranji Match: मोतिहारी के साकिबुल गनी को बिहार रणजी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है, ...और पढ़ें

साकिबुल गनी की फाइल फोटो।

साकिबुल गनी की फाइल फोटो।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Sakibul Gani Bihar Ranji Captain: पूर्वी चंपारण जिले के लिए एक बार फिर से गर्व का क्षण आया है।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए मोतिहारी के क्रिकेटर साकिबुल गनी को टीम की कमान सौंपी है। साकिबुल को बिहार रणजी टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है।

पहला मैच यूपी से

साकिबुल के नेतृत्व में बिहार की टीम अपना पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलने मैदान में उतरेगी। इस मुकाबले का स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों और समर्थकों को बेसब्री से इंतजार है।

साकिबुल के कप्तान बनने की खबर मिलते ही उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।

चंपारण में खुशी का माहौल

इस उपलब्धि से पूरे चंपारण क्षेत्र में काफी हर्ष और उत्साह का माहौल बना हुआ है। स्थानीय खेल संघ के पदाधिकारियों का मानना है कि साकिबुल के नेतृत्व में टीम बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। इससे जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।

बिहार रणजी टीम की कमान संभालने वाले साकिबुल गनी पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के रहने वाले हैं। 2 सितंबर 1999 को जन्मे साकिबुल दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज और मध्यम गति के गेंदबाज हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिक क्रिकेट ट्रेनिंग स्थानीय स्तर से शुरू की और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर पहचान बनाई।

डेब्यू में वर्ल्ड रिकॉर्ड

साकिबुल गनी के नाम प्रथम श्रेणी (फर्स्ट क्लास) क्रिकेट में पदार्पण पर सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। फरवरी 2022 में मिजोरम के खिलाफ अपने रणजी डेब्यू मैच में उन्होंने 405 गेंदों पर 341 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। वे फर्स्ट क्लास डेब्यू में तिहरा शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे।

सबसे तेज लिस्ट ए शतक

साकिबुल ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 32 गेंदों में शतक ठोक कर रिकॉर्ड रचा। वे लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। इस मुकाबले में उन्होंने 40 गेंदों पर 10 चौकों और 12 छक्कों की मदद से नाबाद 128 रनों की आतिशी पारी खेली थी।

टीम के बने नायक

वे बिहार के लिए लिस्ट-ए (2019), टी20 (2021) और रणजी ट्रॉफी (2022) में पदार्पण कर चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार रिकॉर्ड तोड़ पारियों के कारण बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने उन्हें रणजी टीम का कप्तान नियुक्त किया है। 

यह भी पढ़ें- पिता नहीं दे सकते थे फीस, बेटे का बिहार रणजी टीम में लगातार तीसरी बार चयन, वैभव का है दोस्त