वैभव सूर्यवंशी के फ्रेंड आयुष लोहारूका का कमाल, लगातार तीसरी बार बिहार रणजी टीम में चयन
Bihar Ranji Trophy Team: दरभंगा के क्रिकेटर आयुष लोहारूका को लगातार तीसरी बार बिहार रणजी टीम में शामिल किया गया ...और पढ़ें

आयुष लोहारूका की फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। Ayush Loharuka Darbhanga: जिले के स्टार क्रिकेटर आयुष लोहारूका लगातार तीसरी बार बिहार रणजी टीम में स्थान बनाने वाले दरभंगा के इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की चयन समिति द्वारा घोषित टीम में आयुष को जगह दी गई है। आयुष 11 अक्टूबर से राजगीर स्थित नवनिर्मित इंटरनेशनल स्टेडियम में उत्तर प्रदेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर उतरेंगे।
शानदार दोहरे शतक का रिकॉर्ड
आयुष बिहार टीम की ओर से खेलते हुए कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम कर चुके हैं। रणजी ट्रॉफी के सत्र 2024-25 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ शतक जड़ा था। इसके बाद सत्र 2025-26 में अरुणाचल प्रदेश के विरुद्ध 230 रनों की नाबाद दोहरी शतकीय पारी खेलकर अपनी प्रतिभा साबित की थी।
मैच जिताऊ पारियों का सफर
विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में मणिपुर के खिलाफ उन्होंने 72 गेंदों पर 75 रनों की आक्रामक पारी खेलकर बिहार को जीत दिलाई थी। इस टूर्नामेंट में वे 260 रनों के साथ टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे थे। उनके चयन की खबर से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
दिग्गजों की सूची में नाम
अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 56 गेंदों में 116 रन बनाने वाले तीन दिग्गज खिलाड़ियों कप्तान सकीबुल गनी, वैभव सूर्यवंशी और आयुष लोहारूका की सूची में वे शामिल रहे हैं।
वे अंडर-19 और अंडर-23 मुकाबलों में मुंबई और दिल्ली जैसी टीमों के खिलाफ भी शतक लगा चुके हैं। हाल ही में उनका चयन दलीप ट्रॉफी के स्टैंडबाय खिलाड़ियों में हुआ था।
कड़े संघर्ष से मिली सफलता
गुल्लोवाड़ा निवासी व्यवसायी आनंद कुमार लोहारूका और रश्मि लोहारूका के पुत्र आयुष की सफलता में उनके माता-पिता का कड़ा संघर्ष रहा है।
पिता ने बताया कि आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने आयुष के प्रशिक्षण में कमी नहीं आने दी। पूर्व कोच तारिकुर रहमान ने कहा कि आयुष में राष्ट्रीय स्तर पर चमकने की पूरी क्षमता है।
