बिहार के समस्तीपुर में पलटी ओवरलोड नाव, तीन की मौत
बिहार के समस्तीपुर में बीच नदी में नाव पलटने से तीन की मौत हो गई। वहीं, आठ लापता बताये जा रहे हैं। मरने वालों में सभी महिलायें हैं।
समस्तीपुर [जेएनएन]। बिहार के समस्तीपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। बीच नदी में नाव पलट गई। इस हादसे में तीन की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हथौड़ी थाना क्षेत्र के पुनमा धर्मपुर गांव के पास बागमती नदी में रविवार सुबह लोगों से भरी नाव पलट गई। नाव पर 35 लोग सवार थे। सभी नदी में गिर गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से 31 को सुरक्षित निकाला गया।
तीन महिलाओं की डूबने से मौत हो गई। एक पुरुष की तलाश जारी थी। पांच लोगों को स्थानीय निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। इसमें एक को समस्तीपुर रेफर कर दिया गया।
पुनमा धर्मपुर गांव के लोग बागमती नदी पार कर कमलाबाड़ी चौर में आलू और मक्का की रोपनी करने के लिए जा रहे थे। अधिकांश लोग मजदूर थे। बीच नदी में जाते ही नाव असंतुलित होकर पलट गई।
नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इसके अलावा कटा हुआ आलू का बीज, मक्का के बीज की बोरी, कुदाल, हंसुआ, साइकिल एवं खेती के उपकरण भी लदे थे।