विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्चों ने कही छूट जाएगी स्नातक की परीक्षा, अपने सैलून से ले गए सोनपुर DRM

Published: Wed, 19 Aug 2026 01:50 PM (IST)

Samastipur Rail News: शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन लेट होने से 40 परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटने का खतरा था, ...और पढ़ें

शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर डीआरएम के इंस्पेक्शन कोच से जाने के लिए तैयार परीक्षार्थी। फोटो सौजन्य : रेल यात्री

शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर डीआरएम के इंस्पेक्शन कोच से जाने के लिए तैयार परीक्षार्थी। फोटो सौजन्य : रेल यात्री

HighLights

  1. सोनपुर डीआरएम ने 40 परीक्षार्थियों की मदद की।

  2. ट्रेन लेट होने पर परीक्षा छूटने का डर था।

  3. डीआरएम ने छात्रों को अपने कोच से पहुंचाया।

संवाद सहयोगी, शाहपुर पटोरी (समस्तीपुर)। Sonpur Rail Division: देर होने के चलते परीक्षा छूटने की आशंका से डरे छात्र-छात्राओं ने जब अपने भविष्य को लेकर चिंता जताई तो सोनपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन मददगार के रूप में खड़े हो गए।

वे अपने सैलून में बैठाकर परीक्षाथियों को ले गए। जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह इस घटना की हर कोई तारीफ कर रहा। 

सुबह से कर रहे थे ट्रेन का इंतजार 

जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह परीक्षा देने के लिए स्नातक के 40 परीक्षार्थी पहुंचे थे। इनकी परीक्षा पहली पाली में सुबह 10 बजे से थी। परीक्षा केंद्र दलसिंहसराय स्थित आरबी कालेज था।

इसके लिए परीक्षार्थी स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन संख्या 75246 डाउन सोनपुर-बरौनी डीएमयू का इंतजार कर रहे थे। ट्रेन का शाहपुर पटोरी पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:59 बजे था, लेकिन वह करीब 1:25 घंटे विलंब हो गई।

ट्रेन के आने में लगातार हो रही देरी से परीक्षार्थियों को परीक्षा छूटने की चिंता सता रही थी। इसी बीच सोनपुर मंडल के डीआरएम अमित सरन का इंस्पेक्शन कोच स्टेशन पर पहुंचा। परीक्षार्थियों ने डीआरएम को अपनी समस्या बताई। 

DRM Sonpur Amit sharan

परीक्षा का समय नजदीक होने और ट्रेन के विलंब को देखते हुए डीआरएम ने सभी 40 परीक्षार्थियों को अपने इंस्पेक्शन कोच में विद्यापतिधाम तक चलने की अनुमति दी। उन्होंने परीक्षार्थियों को अपने सैलून से शाहपुर पटोरी से विद्यापतिधाम महज 15 मिनट में पहुंचा दिया।

इसके बाद सभी परीक्षार्थी ई-रिक्शा और टेंपो से समय पर दलसिंहसराय स्थित परीक्षा केंद्र पहुंच गए। 

सामान्य ट्रेन से 36 मिनट, सैलून से 15 मिनट 

शाहपुर पटोरी से विद्यापतिधाम की दूरी करीब 23 किलोमीटर है। इतनी दूरी डीएमयू सामान्यत: लगभग 36 मिनट में तय करती है। इस दौरान नंदिनी लगुनिया, मोहिउद्दीननगर और हरपुर बोचहा में ट्रेन का ठहराव होता है।

ट्रेन 1:25 घंटे विलंब से चलने के कारण यदि परीक्षार्थी उसी से रवाना होते तो वे करीब 10 बजे विद्यापतिधाम पहुंचते। 

इसके बाद वहां से सात किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र पहुंचने में करीब 15 मिनट लगते। ऐसे में परीक्षा केंद्र में प्रवेश को लेकर परेशानी तय थी। इसके विपरीत सैलून से परीक्षार्थी 9:40 बजे स्टेशन उतर गए। इसके बाद वहां से परीक्षा केंद्र पहुंच गए 

एएनडी कालेज की छात्रा सुनीता ने बताया कि डीआरएम सर ने इंस्पेक्शन कोच से भेजने की अनुमति दी तो काफी राहत मिली। विद्यापतिधाम समय पर पहुंचने के बाद वाहन से परीक्षा केंद्र पहुंच गए और परीक्षा देने में कोई परेशानी नहीं हुई। परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों ने डीआरएम के इस सहयोग की सराहना की। 

यह भी पढ़ें- बिहार से गुजरात और पूर्वोत्तर की यात्रा हुई आसान, हापा-नाहरलगुन एक्सप्रेस अब चलेगी नियमित

शाहपुर पटोरी स्टेशन पर ट्रेन विलंब होने से परीक्षार्थियों के सामने परीक्षा छूटने की स्थिति बन गई थी। छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए उन्हें इंस्पेक्शन कोच से विद्यापतिनगर तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

-

अमित सरन, मंडल रेल प्रबंधक, सोनपुर मंडल