कोलकाता से गोरखपुर का सफर होगा आसान, समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी में रुकेगी स्पेशल ट्रेन
त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने सियालदह और गोरखपुर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
सियालदह-गोरखपुर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन।
समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी में होगा ठहराव।
त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने सियालदह और गोरखपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी स्टेशन पर भी दिया गया है।
इससे पटोरी और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को कोलकाता तथा गोरखपुर की ओर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से जारी परिचालन कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 03131 सियालदह-गोरखपुर स्पेशल अक्टूबर और नवंबर 2026 में कुल 14 फेरे लगाएगी।
यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को सियालदह से रवाना होगी। शाहपुर पटोरी स्टेशन पर ट्रेन का निर्धारित आगमन सुबह 11:15 बजे और प्रस्थान 11:17 बजे होगा।
वहीं, ट्रेन संख्या 03132 गोरखपुर-सियालदह स्पेशल प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को गोरखपुर से चलेगी। वापसी में यह ट्रेन शाहपुर पटोरी स्टेशन पर रात 3:20 बजे पहुंचेगी और 3:22 बजे रवाना होगी।
इस ट्रेन के भी कुल 14 फेरे निर्धारित किए गए हैं। अक्टूबर में ट्रेन संख्य 03131 का परिचालन 13, 15, 20, 22, 27 और 29 अक्टूबर को होगा, जबकि नवंबर में 3, 5, 10, 12, 17, 19, 24 और 26 नवंबर को चलेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 03132 अक्टूबर में 14, 16, 21, 23, 28 और 30 अक्टूबर तथा नवंबर में 4, 6, 11, 13, 18, 20, 25 और 27 नवंबर को चलेगी। स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इसमें 4 एसी चेयर कार, 10 सामान्य श्रेणी के कोच, 6 सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
ट्रेन का परिचालन विद्युत इंजन से किया जाएगा। शाहपुर पटोरी में ठहराव से स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर त्योहारों के दौरान कोलकाता और गोरखपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिलेगा।
वर्तमान में त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी-सियालदह के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, समस्तीपुर के यात्रियों को भी मिलेगी राहत; चेक करें शेड्यूल
