समस्तीपुर में रील का ऐसा जुनून कि ट्रेन में खोल दिया अग्निशामक, धुएं से घबराए यात्री
समस्तीपुर जंक्शन पर अवध एक्सप्रेस में रील बनाने के चक्कर में तीन युवकों ने अग्निशामक यंत्र खोल दिया, जिससे कोच धुएं से भर गया और यात्रियों में अफरातफरी मच गई।

समस्तीपुर में पुलिस की गिरफ्त में तीन आरोपित।
HighLights
समस्तीपुर में रील बनाने के लिए अग्निशामक यंत्र खोला।
अवध एक्सप्रेस के कोच में धुआं फैलने से अफरातफरी।
रेलवे सुरक्षा बल ने तीन युवकों को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने का जुनून युवाओं को किस हद तक ले जा सकता है, इसकी बानगी समस्तीपुर जंक्शन पर देखने को मिली। यहां अवध एक्सप्रेस में रील बनाने के चक्कर में तीन युवकों ने कोच में रखे अग्निशामक यंत्र को ही खोल दिया।
देखते ही देखते जनरल कोच धुएं से भर गया और यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान युवक घटना का वीडियो भी शूट कर रहे थे। घटना शनिवार रात की है।
अवध एक्सप्रेस जब समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 4/5 पर पहुंची, तो तीनों युवक ट्रेन के सामान्य डिब्बे में चढ़ गए। इसी दौरान रील बनाने के चक्कर में उन्होंने कोच में लगे अग्निशामक यंत्र को खोल दिया।
यंत्र से निकले धुएं के कारण पूरे कोच में धुंध छा गई। अचानक धुआं फैलने से यात्रियों को कुछ समझ नहीं आया और कोच में अफरातफरी का माहौल बन गया।
गश्ती कर रहे आरपीएफ जवान ने पकड़ा
घटना के दौरान स्टेशन पर गश्त कर रहे रेलवे सुरक्षा बल के जवान सुमित सिंह की नजर मामले पर पड़ी। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में दो बालिग और एक नाबालिग शामिल है।
बालिग युवकों की पहचान खानपुर निवासी अमित कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। नाबालिग युवक भी खानपुर का रहने वाला बताया गया है।
मौके पर सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार, विजेंद्र सिंह और आरक्षी संजय कुमार समेत अन्य रेल सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। घटना के बाद कोच से धुआं साफ कराया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
रील के चक्कर में यात्रियों की सुरक्षा दांव पर
इंटरनेट मीडिया पर कुछ पल की लोकप्रियता हासिल करने के लिए अग्निशामक यंत्र से छेड़छाड़ करना यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है।
ट्रेन में अग्निशामक यंत्र आपात स्थिति में आग पर काबू पाने के लिए लगाए जाते हैं। ऐसे उपकरणों का अनावश्यक इस्तेमाल जरूरत के समय परेशानी खड़ी कर सकता है।
यह भी पढ़ें- बिहार में NEET परीक्षा में गड़बड़ी पर शिक्षक को झटका, दो वेतनवृद्धियों पर रोक बरकरार
