समस्तीपुर के युवक की बेंगलुरु में सड़क हादसे में मौत, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड निवासी मनटुन कुमार पासवान की बेंगलुरु में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो। सौ. स्वजन
संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। रोजी रोटी की तलाश में बिहार से सुदूर बेंगलुरु गए समस्तीपुर जिले के एक युवक की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
मृतक की पहचान विभूतिपुर प्रखंड के पतैलिया गांव निवासी दिवंगत गंगा प्रसाद पासवान के 23 वर्षीय पुत्र मनटुन कुमार पासवान के रूप में हुई है।
शनिवार तड़के सुबह करीब पांच बजे बेंगलुरु में हुए भीषण हादसे में मनटुन ने दम तोड़ दिया। इस मनहूस खबर के गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। कमाऊ पूत की असामयिक मौत की खबर से पूरे पतैलिया गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
मृतक अपने चार भाइयों में सबसे छोटे और घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बाहर गए थे। उनके पीछे 20 वर्षीय बेबस पत्नी आंचल कुमारी और आठ महीने का मासूम बेटा आयांशु छूट गया है। वृद्ध विधवा मां चतुरमणि देवी का रो रोकर बुरा हाल है।
बेंगलुरु में आवश्यक पुलिसिया प्रक्रिया पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर को बिहार लाया जा रहा है। देर रात्रि तक मनटुन का शव पैतृक गांव पहुंचने की पूरी संभावना है। ग्रामीण और परिजन अंतिम दर्शन के लिए टकटकी लगाए बैठे हैं।
युवक की दर्दनाक मौत पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है। इसके साथ ही जिला प्रशासन से बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत चार लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
