समस्तीपुर में यू-टर्न लेते ही ई-रिक्शा से भिड़ी अपाचे, महिला का हाथ टूटा, वीडियो वायरल
समस्तीपुर में मुसरीघरारी-पटोरी मुख्य सड़क पर यू-टर्न लेते समय एक अपाचे बाइक ई-रिक्शा से टकरा गई। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
HighLights
बाइक के यू-टर्न लेते ही ई-रिक्शा से जोरदार टक्कर हुई।
हादसे में ई-रिक्शा सवार महिला का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हुआ।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। मुसरीघरारी-पटोरी मुख्य सड़क पर यू-टर्न लेना बाइक सवार के लिए भारी पड़ गया। बाइक के मुड़ते ही सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में ई-रिक्शा पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल महिला को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।
बाइक के यू-टर्न लेते ही हुई टक्कर
बताया गया कि मुसरीघरारी-पटोरी मुख्य सड़क पर एक युवक अपाचे मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान उसने सड़क पर यू-टर्न लेना शुरू किया।
बाइक के मुड़ने के दौरान पटोरी की ओर से एक ई-रिक्शा आ गया। दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
महिला के हाथ में हुआ फ्रैक्चर
हादसे में ई-रिक्शा पर सवार गंगासरा गांव निवासी मैनेजर गिरी की पत्नी घायल हो गईं। उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर होने की बात बताई गई है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मुसरीघरारी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त
दुर्घटना की सूचना मिलने पर मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा और अपाचे मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना के कारणों और बाइक सवार की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर : एक टक्कर और उजड़ गया परिवार, बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत; एनएच-28 जाम
