समस्तीपुर में 10 वर्षीय बालक का शव मिलने से सनसनी, स्वजन ने जताई हत्या की आशंका
Samastipur Crime News: समस्तीपुर के विद्यापतिनगर में 10 वर्षीय बच्चे सुधीर कुमार का शव मधुवन टोल की फुलवंतो गाछी में ...और पढ़ें

शव मिलने के बाद घटनास्थल पर एकत्रित ग्रामीण।
जागरण संवाददाता, विद्यापतिनगर (समस्तीपुर)। Samastipur Child Death: थाना क्षेत्र की बढ़ौना पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित मधुवन टोल की फुलवंतो गाछी में शनिवार सुबह 10 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
अलसुबह शौच के लिए गए एक ग्रामीण की नजर शव पर पड़ी। उसने इसकी सूचना आसपास के लोगों और बच्चे के स्वजनों को दी, जिसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान बढ़ौना पंचायत के वार्ड संख्या-3 निवासी मंटू साह के पुत्र सुधीर कुमार (10) के रूप में हुई है।
स्वजनों के अनुसार, सुधीर शुक्रवार रात करीब नौ बजे स्थानीय चौक स्थित आटा चक्की के समीप देखा गया था। इसके बाद वह लापता हो गया और देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह गाछी में सुधीर का शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे। स्वजनों ने बच्चे की हत्या कर शव गाछी में फेंके जाने की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, बच्चे के शरीर पर चोट और कटे के निशान मिले हैं तथा आंख के पास भी चोट के निशान बताए गए हैं।
घटनास्थल के आसपास खून के धब्बे भी मिलने की बात कही गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए स्वजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर: आपसी विवाद में बड़े भाई की गर्दन पर ब्लेड से हमला, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सूरज कुमार, एसआई सलीम रजा, एएसआई रवि कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और स्वजनों से भी जानकारी जुटाई।
एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न साक्ष्य और नमूने एकत्र किए तथा उन्हें जांच के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी है।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एफएसएल जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुधीर चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता मंटू साह कबाड़ी मजदूर का काम करते हैं। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक व आक्रोश का माहौल है।
