समस्तीपुर में बदमाशों से भिड़ गई छात्रा, बहादुरी देख भागने लगे मनचले, एक पकड़ाया
समस्तीपुर में ट्यूशन से लौट रही छात्रा ने बदमाशों के अपहरण और छिनैती के प्रयास को अपनी बहादुरी से विफल कर दिया।

समस्तीपुर में स्थानीय लोगों ने एक आरोपित को पकड़ा।
HighLights
छात्रा ने बहादुरी से अपहरण और छिनैती का प्रयास विफल किया।
ग्रामीणों और राहगीरों ने एकजुट होकर आरोपी को मौके पर पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, अन्य की तलाश जारी है।
संवाद सहयोगी, हसनपुर (समस्तीपुर)। ट्यूशन से पढ़कर घर लौट रही थी, रास्ता सुनसान था और सामने थे बदमाश। छात्रा को घेरकर उसके साथ छिनतई और अपहरण की कोशिश की गई, लेकिन वह घबराकर चुप नहीं रही। उसने हिम्मत दिखाई और शोर मचाकर बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
उसकी आवाज सुनकर राहगीर और ग्रामीण दौड़े तो मनचलों के होश उड़ गए। भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों में से एक को लोगों ने दबोच लिया। समस्तीपुर के हसनपुर में छात्रा की बहादुरी और ग्रामीणों की तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी।
सुनसान मोड़ पर की थी घेराबंदी
पीड़ित छात्रा प्रतिदिन की तरह हसनपुर बाजार स्थित एक कोचिंग सेंटर से पढ़ाई पूरी कर अपने घर लौट रही थी। सुनसान जगह का फायदा उठाकर पहले से पीछा कर रहे मनचलों ने छात्रा को रोक लिया।
पहले आरोपियों ने छात्रा से उसका सामान व मोबाइल छीनने की कोशिश की और बदसलूकी की। इसके बाद अपराधी उसे जबरन खींचकर बगल के गन्ने की खेत में ले जा कर अगवा करने का प्रयास करने लगे।
छात्रा की चीख सुनकर दौड़े राहगीर
अपराधियों के चंगुल में फंसी छात्रा ने हार नहीं मानी और जोर-जोर से बचाओ-बचाओ की गुहार लगाई। छात्रा की चीख सुनते ही रास्ते से गुजर रहे राहगीर और आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण बिना किसी डर के तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को एकजुट होकर अपनी तरफ आते देख अपराधियों के होश उड़ गए और वे भागने लगे।
ग्रामीणों ने की घेराबंदी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सड़क पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे बदमाशों का पीछा किया और एक मुख्य आरोपी को घेरकर धर दबोचा।
पकड़े जाने के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी को मौके पर ही काबू में रखा और तुरंत स्थानीय हसनपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।पकड़े गए मंचले की पहचान थाना क्षेत्र के रामपुर ग्राम निवासी कारी महतों के बीस वर्षीय पुत्र के रूप में किया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही हसनपुर थाने की पुलिस गश्ती दल घटनास्थल पर पहुंच गई और पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित अपनी सुरक्षा में लिया और प्राथमिक सांत्वना के बाद उसके स्वजनों को सूचित किया।
राहगीरों द्वारा पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है और थाने ले जाकर उससे पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य फरार साथियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
समाज में राहगीरों की तत्परता की सराहना
आमतौर पर सड़क पर अपराध देखकर मूकदर्शक बनने के दौर में हसनपुर-सकरपुरा के राहगीरों और ग्रामीणों ने जिस नागरिक कर्तव्य और साहस का परिचय दिया, उसकी पूरे इलाके में सराहना हो रही है। ग्रामीणों की इसी सक्रियता के कारण एक छात्रा के साथ होने वाली बड़ी अनहोनी टल सकी।
राहगीरों द्वारा पकड़े गए मनचले युवक को पिटाई के बाद पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस गिरफ्त में आए मनचले युवक का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। पीड़ित छात्रा द्वारा दिए गए आवेदन पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसके बाद पूछताछ की जाएगी।
-सुनील कांत, थानाध्यक्ष
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में पत्नी ने पहली शादी छिपाकर रचाई दूसरी शादी, पति पहुंचा पुलिस के पास
