समस्तीपुर में ग्रामीण चिकित्सक की हत्या, सोते वक्त सिर में दागी गोलियां
समस्तीपुर के हसनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने ग्रामीण चिकित्सक गुलजार उर्फ शाहीन की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी।
HighLights
हसनपुर के केशरोरा गांव में ग्रामीण चिकित्सक की हत्या।
सोते समय सिर में कई गोलियां मारी गईं, मौके पर मौत।
पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए, जांच जारी, गिरफ्तारी की मांग।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के परोरिया पंचायत स्थित केशरोरा गांव के वार्ड संख्या 13 में शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने सोये अवस्था में ग्रामीण चिकित्सक गुलजार उर्फ शाहीन की गोली मारकर हत्या कर दी।
बदमाशों ने उनके सिर में कई गोलियां मारीं। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार की सुबह स्वजन उन्हें जगाने पहुंचे तो खून से लथपथ शव देखकर चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि ग्रामीण चिकित्सक अपने घर के दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। गोली चलने की आवाज अथवा घटना की जानकारी तत्काल आसपास के लोगों को नहीं हो सकी।
सुबह स्वजन के जगाने पहुंचने पर हत्या का पता चला। सूचना मिलते ही हसनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। रोसड़ा डीएसपी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इस दौरान तीन खोखे बरामद किए गए हैं। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हत्या के कारणों और घटना में शामिल बदमाशों के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
यह भी पढ़ें- 24 घंटे में शव जलाने पर पटना के दो पुलिसकर्मी सस्पेंड, कैलाश मौत मामले में रेल एसपी ने माना गंभीर लापरवाही
