विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में लूट की बड़ी साजिश नाकाम, नक्सली समेत पांच बदमाश हथियारों संग गिरफ्तार

Published: Sun, 25 Oct 2026 05:38 PM (IST)

Naxalite Arrested Samastipur: पुलिस ने समस्तीपुर में एक बड़ी लूट की साजिश को नाकाम करते हुए पांच कुख्यात बदमाशों को ...और पढ़ें

डीएसपी सतीश सुमन ने बताया कि पुलिस अब फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

डीएसपी सतीश सुमन ने बताया कि पुलिस अब फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

HighLights

  1. समस्तीपुर में लूट की बड़ी साजिश नाकाम हुई।

  2. नक्सली समेत पांच कुख्यात बदमाश गिरफ्तार किए गए।

  3. हथियार, कारतूस और नकदी बरामद की गई।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Robbery Plan: जिला पुलिस ने राज्य एसटीएफ के साथ लूट की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए पांच कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में हसनपुर थाना क्षेत्र के भटवन गांव निवासी दीपक कुमार उर्फ डाक्टर भी शामिल है, जो नक्सली वारदात में शामिल रहा है और पुलिस ने उसे गिरोह का मास्टरमाइंड बताया है।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुधपुरा जेल के पीछे शनिवार को की गई छापेमारी में पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, 20 कारतूस, चार मोबाइल और 32,400 रुपये नकद बरामद किए।

जेल के पीछे छापेमारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश समस्तीपुर और वैशाली जिले में लूट की बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

पुलिस को तकनीकी और मानवीय सूचना मिली थी कि दुधपुरा जेल के पीछे कुछ शातिर अपराधी अवैध हथियारों के साथ जुटे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 डीएसपी सतीश सुमन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम ने चिह्नित स्थान की घेराबंदी कर पांच अपराधियों को दबोच लिया। छापेमारी के दौरान चार अन्य अपराधी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

रविवार को प्रेस वार्ता में डीएसपी सतीश सुमन ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अब फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

लूट की थी तैयारी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने लूट की योजना के लिए एकत्र होने की बात स्वीकार की है। पुलिस गिरफ्तार बदमाशों के अन्य जिलों और सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में दर्ज आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढिया निवासी चंदन कुमार उर्फ दीपक, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकनूर धर्मपुर निवासी मो. रहमतुल्ला उर्फ साहब, वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के हसनपुर ओस्ती निवासी मो. तालिब और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामपुर दुधपुरा निवासी राहुल कुमार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, हसनपुर थाना क्षेत्र के भटवन गांव निवासी दीपक कुमार उर्फ डाक्टर के खिलाफ वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में नक्सली वारदात से जुड़ा मामला दर्ज है।

वर्ष 2018 में एक व्यक्ति का अपहरण कर उससे लेवी मांगने और लेवी नहीं देने पर उसकी हत्या करने के मामले में वह आरोपित रहा है।

डीएसपी ने बताया कि दीपक हाल ही में करीब सात साल बाद जेल से बाहर आया था और जेल से निकलने के बाद उसने दोबारा आपराधिक गिरोह को सक्रिय किया।

आरोपितों का इतिहास

पुलिस के मुताबिक, दीपक कुमार के विरुद्ध ताजपुर, मुफस्सिल, जनदाहा और पातेपुर थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट और यूएपीए सहित गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

चंदन कुमार के खिलाफ दलसिंहसराय, उजियारपुर, सरायरंजन और विभूतिपुर थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
वहीं, मो. रहमतुल्ला के विरुद्ध नगर थाना में आर्म्स एक्ट, मो. तालिब के खिलाफ महुआ थाना में एनडीपीएस एक्ट और राहुल कुमार के विरुद्ध मुफस्सिल थाना में पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। 

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में CSP लूट के दौरान फायरिंग करने वाला वांटेड गिरफ्तार, STF ने दबोचा