समस्तीपुर में ओवरब्रिज की मरम्मत के बाद भी बीम में दिखी दरार, गुणवत्ता पर उठे सवाल
समस्तीपुर ओवरब्रिज के निचले हिस्से की मरम्मत के बाद भी एक बीम में दरारें दिख रही हैं, जिससे गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

ब्रिज के बीम में दिख रही दरार। (जागरण)
HighLights
मरम्मत के बाद भी ओवरब्रिज की बीम में दरारें।
पुल की गुणवत्ता और सुरक्षा पर उठ रहे सवाल।
स्थानीय लोगों ने तकनीकी जांच और उचित मरम्मत की मांग की।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। शहर के ओवरब्रिज की मरम्मती का निचले स्तर पर कार्य पूर्ण हो चुका है। बावजूद इसकी बीम में भी दरार अभी भी दिख रहा है।
अब इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, अभी ब्रिज की ऊपरी सतह पर पीचिंग का कार्य चल रहा है। नगर थाना के सामने ओवरब्रिज के दूसरे खंड में एक बीम पर दरार स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा कि यह दरार मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले से ही मौजूद थी। बावजूद इसके इसे दुरुस्त नहीं किया गया। दरार को भरने या उसकी तकनीकी मरम्मत करने कर बजाय उसके ऊपर रंग-रोगन कर दिया गया है।
यह दरार दूर से ही साफ नजर आ रही। इससे लोगों के बीच पुल की मरम्मती की गुणवत्ता को लेकर चिंता और सवाल दोनों उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज की मरम्मत का उद्देश्य इसकी मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऐसे में यदि पहले से मौजूद दरारों को महज रंग-रोगन कर ढक दिया गया तो यह गंभीरता से जांच का विषय है।
लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का तकनीकी निरीक्षण कराकर दरार की स्थिति स्पष्ट करने तथा आवश्यक होने पर दोबारा मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ओवरब्रिज मजबूत और टिकाऊ हो सके।
नीचे से काम हुआ पूर्ण, अभी उपर की सतह पर हो रहा काम
बताया गया कि पुल के निचले हिस्से का काम पूर्ण हो चुका है। उपर के हिस्से में अभी सड़क पर मैस्टिक का कार्य कराया जा रहा है। पुल पर वाहनों का आवागमन भी शुरू कर दिया गया है। हल्के और मध्यम आकार वाले वाहनों के आवागमन के लिए सुबह छह बजे से रात दस बजे तक पुल चालू रहती है।
वहीं, भारी वाहनों का आवागमन अभी रोका गया है। ताकि, काम में परेशानी न हो। बताया गया कि अभी पुल पर रैलिंग और लाइट का कार्य भी कराया जाना है। इसके बाद ही पुल को पूरी तरह से खोला जाएगा।
वाहन परिचालन की स्थिति
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हल्के और मध्यम आकार के वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया है। काम में बाधा न आए, इसलिए फिलहाल भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक जारी है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से इस स्थल की तकनीकी जांच कराने और दरार की स्थिति स्पष्ट करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है, ताकि ओवरब्रिज पूरी तरह मजबूत और सुरक्षित हो सके।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर जंक्शन पर रेलवे ट्रैक की जेट प्रेशर मशीन से होगी सफाई, बदली व्यवस्था
