समस्तीपुर जंक्शन पर रेलवे ट्रैक की जेट प्रेशर मशीन से होगी सफाई, बदली व्यवस्था
High Pressure Jet Machine: समस्तीपुर जंक्शन पर यात्रियों द्वारा फेंके गए कचरे से रेलवे ट्रैक पर गंदगी की समस्या को ...और पढ़ें

ट्रैक और उसके आसपास जमी गंदगी को कम समय में हटाने में मदद मिलेगी। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Railway Track Cleaning Machine: जंक्शन से प्रतिदिन करीब 10 हजार यात्री सफर करते हैं। यात्रियों की बड़ी संख्या के कारण स्टेशन परिसर के साथ रेलवे ट्रैक पर भी गंदगी की समस्या बनी रहती है। खासकर ट्रेनों के ठहराव के दौरान यात्री खाने-पीने का सामान और उसके पैकेट ट्रैक पर फेंक देते हैं।
जेट मशीन से सफाई
अब रेलवे ने ट्रैक पर जमा कचरे और गंदगी की सफाई के लिए आधुनिक व्यवस्था शुरू की है। समस्तीपुर जंक्शन के यार्ड क्षेत्र में रेलवे ट्रैक की सफाई के लिए हाई प्रेशर जेट क्लीनिंग मशीन लगाई गई है।
इस मशीन से तेज दबाव के साथ पानी की धार छोड़ी जाएगी, जिससे ट्रैक और उसके आसपास जमी गंदगी को कम समय में हटाने में मदद मिलेगी। नई सफाई व्यवस्था से ट्रैक पर लंबे समय तक कचरा जमा रहने की समस्या कम होने की उम्मीद है।
स्टेशन पर यात्रियों की संख्या और उनके द्वारा फेंके गए कचरे के कारण सफाई व्यवस्था को लगातार बनाए रखना रेल प्रशासन के लिए चुनौती रहती है। प्लेटफार्म पर डस्टबिन और नियमित सफाई के बावजूद कई बार यात्री कचरा ट्रैक पर फेंक देते हैं।
सफाई में कम होगी मेहनत
ट्रैक पर कचरा जमा होने के कारण उसकी सफाई के लिए अलग से कर्मचारियों को लगाना पड़ता है। नई मशीन से ट्रैक की सफाई में लगने वाले समय और मेहनत को कम करने में मदद मिलेगी। रेलवे ट्रैक से कचरा और गंदगी हटाने के बाद स्टेशन परिसर को अधिक स्वच्छ रखने में भी सहूलियत होगी।
ट्रेन गुजरने के बाद सफाई
मंडल रेल प्रवक्ता आरके सिंह ने बताया कि स्टेशन पर ट्रेनों के लगातार आवागमन के कारण ट्रैक पर गंदगी जमा होने की संभावना बनी रहती है।
ऐसे में ट्रेनों के गुजरने के बाद संबंधित हिस्सों की सफाई कराई जाएगी। जेट प्रेशर मशीन के इस्तेमाल से ट्रैक के आसपास जमी गंदगी को तेज पानी के दबाव से हटाया जा सकेगा।
रेलवे की ओर से स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मशीन आधारित सफाई पर जोर दिया जा रहा है। इससे सफाई कर्मचारियों को भी सहूलियत होगी और यात्रियों को अपेक्षाकृत स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
