विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में मौसम ने रोकी महामहिम की उड़ान, सड़क मार्ग से पहुंचेंगे दीक्षा समारोह

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:28 AM (IST)

समस्तीपुर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में दीक्षा समारोह मौसम की खराबी के कारण विलंबित हो गया। राज्यपाल का हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिससे वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंच रहे हैं।

दीक्षा समारोह में मौजूद लोग।

दीक्षा समारोह में मौजूद लोग।

HighLights

  1. मौसम खराब होने से राज्यपाल का हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।

  2. राज्यपाल अब सड़क मार्ग से दीक्षा समारोह स्थल पहुंच रहे हैं।

  3. 1175 विद्यार्थियों को डिग्री और 44 को गोल्ड मेडल मिलेंगे।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। डिग्री लेने की खुशी, गोल्ड मेडल पाने का उत्साह और महामहिम के स्वागत की प्रतीक्षा... डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शुक्रवार को सुबह से ही उत्सवी माहौल बना रहा।

हालांकि, मौसम की खराबी ने कार्यक्रम की शुरुआत में व्यवधान डाल दिया। हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके कारण राज्यपाल अब सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। इस वजह से दीक्षा समारोह समय पर शुरू नहीं हो सका।

राज्यपाल के आगमन का इंतजार

कार्यक्रम स्थल पर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और विज्ञानियों की भीड़ जुट चुकी है। सभी की निगाहें राज्यपाल के आगमन पर टिकी हैं। मौसम की वजह से बदले यात्रा कार्यक्रम के बीच समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और अतिथियों को महामहिम के पहुंचने का इंतजार है।

1175 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

दीक्षा समारोह में वर्ष 2025 और 2026 में उत्तीर्ण स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी के कुल 1175 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए 44 विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, दो विद्यार्थियों को विजिटर गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा।

अलग-अलग ड्रेस कोड में सजे विद्यार्थी

दीक्षा समारोह में विद्यार्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। छात्र सफेद कुर्ता-पायजामा और काले जूते में नजर आ रहे हैं। छात्राएं लाल बॉर्डर वाली क्रीम रंग की साड़ी और लाल ब्लाउज में सजी हैं।

डिग्री की श्रेणी के अनुसार अंगवस्त्र का रंग भी निर्धारित किया गया है। पीएचडी विद्यार्थियों के लिए लाल, स्नातकोत्तर के लिए नीला और स्नातक विद्यार्थियों के लिए हरे रंग का अंगवस्त्र तय किया गया है। इससे समारोह स्थल पर रंगों की अलग छटा दिखाई दे रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।