समस्तीपुर की नेहा का बिहार टीम में जलवा, अब यूपी के खिलाफ अंडर-19 में दिखाएंगी दम
समस्तीपुर की नेहा चौधरी को बिहार की अंडर-19 क्रिकेट टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में चुना गया है। वह 9 ...और पढ़ें

समस्तीपुर की नेहा चौधरी।
HighLights
नेहा चौधरी का बिहार अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन।
विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में टीम में निभाएंगी अहम भूमिका।
पहला मुकाबला 9 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुंबई में।
संवाद सहयोगी, समस्तीपुर। 12 साल की उम्र में हाथ में बल्ला और दस्ताने थामकर क्रिकेट की शुरुआत करने वाली समस्तीपुर की नेहा चौधरी अब बिहार की अंडर-19 टीम में अपने खेल का दम दिखाएंगी।
अंडर-15 और अंडर-17 में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुकी नेहा ने लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर अंडर-19 टीम में जगह बनाई है। विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में अब उनकी नजर बड़े मंच पर खुद को साबित करने पर है।
विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका
नेहा बिहार टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगी। वह समस्तीपुर क्रिकेट एकेडमी में कोच ब्रजेश झा से प्रशिक्षण ले रही हैं। नियमित अभ्यास और मैदान पर लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण उन्होंने राज्य टीम तक का सफर तय किया है।
नौ अक्टूबर को पहला मुकाबला
बिहार अंडर-19 महिला टीम का पहला मुकाबला नौ अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के साथ होगा। इसके बाद टीम उत्तराखंड, चंडीगढ़, आंध्र प्रदेश और पंजाब के खिलाफ भी मुकाबले खेलेगी। बिहार टीम के सभी मैच मुंबई में खेले जाएंगे। नेहा को इन मुकाबलों में अपनी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से प्रभावित करने का मौका मिलेगा।
देश के लिए खेलना लक्ष्य
शिक्षक कृष्ण कुमार चौधरी और गृहिणी राधा चौधरी की पुत्री नेहा ने महज 12 वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। अब उनका लक्ष्य बिहार की सीनियर टीम में जगह बनाने के साथ देश के लिए क्रिकेट खेलना है। वह अपने प्रदर्शन के जरिए समस्तीपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना चाहती हैं।
चयन पर खेलप्रेमियों में खुशी
नेहा के चयन पर क्रिकेट कोच ब्रजेश झा, सतीश कुमार, जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव रंजीत सिंह, आभा प्रवीण, शालिनी सिन्हा, डा. शिमाली सिन्हा, पूनम वर्मा, सुधा कुमारी, अनुपमा कुमारी, उषा कुमारी और सोनी सिंह समेत खेलप्रेमियों ने खुशी जताई। सभी ने नेहा के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
