'तुम्हारे पति को मरवा दूंगी...' समस्तीपुर में धमकी, विशाखापट्टनम में खूनी खेल; युवक ने की सगे भाई की हत्या
आंध्र प्रदेश में बड़े भाई ने अपनी पत्नी के फोन के बाद मंझले भाई की लोहे की रॉड से पीटकर ...और पढ़ें

युवक ने सगे भाई को मार डाला। सांकेतिक फोटो
संवाद सहयोगी, मोरवा। समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र की बनबीरा पंचायत (वार्ड 9) के एक परिवार में ऐसा खूनी खेल खेला गया, जिसने भाई-भाई के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया।
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में रहकर ट्रक चलाने वाले बड़े भाई ने पत्नी की फोन काल के बाद आवेश में आकर अपने सगे मंझले भाई की लोहे की राड से मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद सोमवार को जब मृतक का शव पैतृक गांव बनबीरा पहुंचा, तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बनबीरा पंचायत के रहने वाले शत्रुघ्न राय उर्फ सत्तो राय के तीन पुत्रराजीव कुमार राय (बड़ा), संजीव कुमार राय (मंझला) और रणधीर कुमार राय (छोटा) पिछले कई वर्षों से आंध्र प्रदेश में रहकर ट्रक ड्राइविंग का काम करते थे। कुछ समय से बड़ा भाई राजीव अलग रह रहा था, जबकि संजीव और रणधीर एक साथ रहते हुए गाड़ी चलाते थे।
बीते 22 मई 2026 की शाम को बनबीरा स्थित पैतृक घर पर बड़े भाई राजीव की पत्नी मीनू देवी और मंझले भाई की पत्नी रूबी कुमारी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और गाली-गलौज हुई।
आरोप है कि विवाद के दौरान मीनू देवी ने अपनी गोतनी रूबी कुमारी को धमकी दी कि वह अपने पति से कहकर संजीव की हत्या करवा देगी। इसके बाद मीनू अपने मायके चली गई और फोन पर अपने पति राजीव को पूरी घटना बताई।
खाना खाने के बाद हुआ खूनी संघर्ष
घटना के दिन 22 मई की रात को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित लेला मनचली थाना क्षेत्र में तीनों भाइयों ने एक साथ खाना बनाया और खाया था। इसी बीच, पत्नी मीनू देवी का फोन आने के बाद बड़ा भाई राजीव आग बबूला हो गया।
उसने मंझले भाई संजीव को बुलाया और झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर राजीव ने पहले तलवार से हमला किया, जिसे छोटे भाई रणधीर ने बीच-बचाव कर शांत कराया।
कुछ ही देर बाद, गुस्से में अंधा हो चुके राजीव ने संजीव (24 वर्ष) के सिर पर लोहे की राड से जोरदार हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण संजीव की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने छोटे भाई रणधीर पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन रणधीर ने भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
30 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ा भाई राजीव अपने ट्रक को लेकर कई किलोमीटर भाग चुका था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन और गाड़ी के नंबर को ट्रेस किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल से करीब 30 किलोमीटर दूर आरोपी राजीव कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक संजीव के शव का पोस्टमार्टम कराकर छोटे भाई रणधीर को सौंप दिया।
गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि
सोमवार को जैसे ही संजीव का शव एम्बुलेंस से बनबीरा गांव पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी रूबी कुमारी, डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी राजलक्ष्मी, पिता शत्रुघ्न राय और छोटे भाई रणधीर का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार को ही गमगीन माहौल में छोटे भाई रणधीर कुमार राय ने मृतक संजीव को मुखाग्नि देकर उसका अंतिम संस्कार किया।
परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश
रोती-बिलखती मृतक की पत्नी रूबी कुमारी ने कहा, लड़ाई-झगड़ा किस घर में नहीं होता, लेकिन मामूली बात पर उसने मेरा सुहाग उजाड़ दिया। वहीं, लाचार पिता शत्रुघ्न राय ने रोते हुए पुलिस-प्रशासन से मांग की कि बड़े बेटे को उसके इस क्रूर कृत्य के लिए कड़ी से कड़ी सजा मिले।
इस घटना से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि आज ऐसा कोई घर नहीं जहां मामूली कहासुनी न होती हो, लेकिन अपनी पत्नी की बात में आकर सगे भाई की जान ले लेना कलयुग की पराकाष्ठा है।
हमें घटना की सूचना मिली है। मामला चूंकि आंध्र प्रदेश का है, इसलिए वहां की स्थानीय पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
-शैलेश कुमार, थानाध्यक्ष, हलई
घटना बेहद दुखद और सत्य है। सोमवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। भाई द्वारा भाई की हत्या जैसी घटनाएं समाज में एक बेहद गलत और खतरनाक संदेश फैला रही हैं। -दिलीप कुमार शर्मा (स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि) एवं रामानंद राय (राजद नेता)
