विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में GST का बड़ा छापा, ट्रांसपोर्टर के गोदाम से बिना कागजात का माल जब्त, टैक्स चोरी की जांच शुरू

Published: Thu, 01 Oct 2026 04:25 PM (IST)

GST Raid In Samastipur: समस्तीपुर में जीएसटी विभाग ने त्योहारी सीजन में टैक्स चोरी रोकने के लिए एक ट्रांसपोर्टर के ...और पढ़ें

समस्तीपुर में ट्रांसपोर्टर के गोदाम का निरीक्षण करती जीएसटी विभाग की टीम। फोटो: जागरण

समस्तीपुर में ट्रांसपोर्टर के गोदाम का निरीक्षण करती जीएसटी विभाग की टीम। फोटो: जागरण

HighLights

  1. जीएसटी विभाग ने समस्तीपुर में ट्रांसपोर्टर के गोदाम पर छापा मारा।

  2. बिना वैध कागजात और ई-वे बिल के भारी माल जब्त किया गया।

  3. त्योहारी सीजन में टैक्स चोरी रोकने को विशेष निगरानी जारी।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। GST Raid In Samastipur: त्योहारी सीजन में टैक्स चोरी रोकने के लिए जीएसटी विभाग ने अपनी निगरानी बढ़ा दी है।

राज्य कर आयुक्त के आदेश पर जीएसटी इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम ने समस्तीपुर अंचल में बड़ी कार्रवाई की। शहर के गोला रोड स्थित ट्रांसपोर्टर के गोदाम में औचक निरीक्षण के दौरान बिना वैध कागजात के भारी मात्रा में माल मिला है।

ट्रांसपोर्टर के ठिकानों पर छापा

कार्रवाई का नेतृत्व राज्य कर उप आयुक्त अफजल हसनैन और सहायक आयुक्त दिव्य प्रकाश ने किया। अधिकारियों ने गोला रोड स्थित ट्रांसपोर्ट एवं लॉजिस्टिक सप्लायर के ठिकानों पर अचानक दबिश दी। जांच के दौरान गोदाम में रखे माल के संबंध में संचालक से कागजात और ई-वे बिल मांगे गए।

नहीं दिखा सके ई-वे बिल

संबंधित संचालक मौके पर माल से जुड़े वैध दस्तावेज और ई-वे बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों ने बिना कागजात मिले स्टॉक को संदिग्ध मानते हुए जब्त करने की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जीएसटी विभाग अब संचालक से टैक्स चोरी को लेकर पूछताछ कर रहा है।

त्योहारी सीजन में विशेष नजर

जीएसटी के संयुक्त आयुक्त कृष्णा मोहन सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर जिले में विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना हिसाब-किताब के माल के परिवहन या टैक्स चोरी की शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील इलाकों में सघन जांच

समस्तीपुर शहर के अलावा रोसड़ा, दलसिंहसराय और पटोरी अनुमंडल क्षेत्रों सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

आने वाले दिनों में भी संदिग्ध ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक गतिविधियों की जांच जारी रहेगी। बिना वैध दस्तावेज या ई-वे बिल के माल ढोने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- आगरा में 1.70 करोड़ की जीएसटी चोरी, फर्जी दस्तावेजों पर पंजीकरण कराकर दो पार्टनर फंसे