विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में पटाखा कारोबारियों पर जीएसटी की छापेमारी, स्टॉक में गड़बड़ी और कर चोरी पकड़ी

Published: Thu, 08 Oct 2026 06:10 PM (IST)

Firecracker Traders Bihar: समस्तीपुर में जीएसटी इंटेलिजेंस ब्यूरो की निगरानी में पटाखा कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। जांच में स्टॉक में गड़बड़ी, बिना हिसाब-किताब के पटाखे और जीएसटीआर रिटर्न व टैक्स भुगतान में अनियमितता पाई गई।

अधिकारियों की टीम ने दुकानों और गोदामों में रखे पटाखों के स्टॉक का मिलान किया।

अधिकारियों की टीम ने दुकानों और गोदामों में रखे पटाखों के स्टॉक का मिलान किया।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur GST Raid: राज्य कर आयुक्त के निर्देश और जीएसटी इंटेलिजेंस ब्यूरो (आइबी) की निगरानी में गुरुवार को समस्तीपुर अंचल के अधिकारियों ने पटाखा विक्रेताओं के ठिकानों पर सघन जांच अभियान चलाया।

वाणिज्य कर विभाग की टीम ने शहर के चीनी मिल चौक स्थित पटाखा के थोक विक्रेता व उनके गोदाम में जांच की। राज्य कर उपायुक्त अफजल हसनैन के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने दुकानों और गोदामों में रखे पटाखों के स्टॉक का मिलान किया।

स्टॉक और रिटर्न में मिली गड़बड़ी

जांच में स्टॉक में गड़बड़ी के साथ बिना हिसाब-किताब के पटाखे रखे जाने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित व्यवसायियों द्वारा समय पर जीएसटीआर रिटर्न दाखिल नहीं किया जा रहा था। इसके साथ ही नियमानुसार टैक्स भुगतान में भी अनियमितता पाई गई है।

विभागीय टीम कर रही जांच

जांच टीम में उपायुक्त अमित कुमार, सहायक आयुक्त दिव्या प्रकाश और सरिता कुमारी शामिल थीं। विभागीय अधिकारी ने बताया कि दुकानों और गोदामों में स्टॉक के मिलान की प्रक्रिया अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक टैक्स चोरी की राशि का सटीक आकलन हो सकेगा।

त्योहार को लेकर विभाग सतर्क

सटीक आकलन के आधार पर ही व्यवसायियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। समस्तीपुर जीएसटी के संयुक्त आयुक्त कृष्णा मोहन सिंह ने बताया कि आगामी त्योहार के मौसम में पटाखों की बिक्री बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने कर चोरी पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

अन्य अनुमंडलों में होगी छापेमारी

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में रोसड़ा, दलसिंहसराय और पटोरी अनुमंडल के पटाखा विक्रेताओं के यहां भी इसी तरह विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।

विभाग की नजर डिफॉल्ट टैक्सपेयर्स के साथ ही ऐसे करदाताओं पर भी है, जो एसजीएसटी का भुगतान कैश के माध्यम से नहीं कर रहे हैं।

विभाग ने बकाएदार करदाताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया कर का समय पर भुगतान करें, ताकि आगे की कार्रवाई से बचा जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।