विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के लिए जरूरी अपडेट, समस्तीपुर के 75,959 किसानों की आईडी अधूरी

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:10 PM (IST)

किसानों की जमीन के अद्यतन रिकॉर्ड के आधार पर डिजिटल फार्मर आईडी बनाई जाएगी, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। समस्तीपुर में 75,959 पीएम किसान लाभार्थियों की फार्मर आईडी अभी अधूरी है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. जमीन रिकॉर्ड के आधार पर बनेगी डिजिटल फार्मर आईडी।

  2. समस्तीपुर में 75,959 किसानों की आईडी अभी लंबित।

  3. सरकारी योजनाओं का लाभ पाने को रिकॉर्ड अपडेट करें।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । किसानों की जमीन का अद्यतन रिकार्ड अब उनकी डिजिटल पहचान का आधार बनेगा। दाखिल-खारिज के बाद अपडेट हुए भूमि अभिलेखों के आधार पर फार्मर आईडी तैयार की जाएगी।

इसके लिए बिहार भूमि पोर्टल से जमाबंदी का डाटा डाउनलोड करने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य किसानों की भूमि और कृषि संबंधी जानकारी को एकीकृत कर सरकारी योजनाओं का लाभ देने की प्रक्रिया आसान बनाना है।

जिला कृषि पदाधिकारी डा. सुमित सौरभ ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले में 2,42,911 किसान पंजीकृत हैं।

इनमें से 1,66,952 की फार्मर आईडी बन चुकी है, जबकि 75,959 किसान अब भी इससे वंचित हैं। जिले के करीब 68.7 प्रतिशत पंजीकृत किसानों की आईडी बन गई है और लगभग 31.3 प्रतिशत का पंजीकरण बाकी है।

जमाबंदी के रिकार्ड से होगी पहचान

फार्मर आईडी बनाने में भूमि अभिलेखों की अहम भूमिका होगी। दाखिल-खारिज के बाद जमीन के स्वामित्व और जमाबंदी में हुए बदलाव के आधार पर किसानों का रिकार्ड तैयार किया जाएगा।

बिहार भूमि पोर्टल से जमाबंदी का डाटा लेकर भूमि संबंधी जानकारी का सत्यापन किया जा सकेगा। जिन किसानों की जमीन का बंटवारा हो चुका है, लेकिन जमाबंदी अपडेट नहीं हुई है, उन्हें आईडी बनवाने में दिक्कत हो सकती है।

योजनाओं का लाभ लेने में होगी सहूलियत

फार्मर आईडी से किसानों की पहचान और भूमि संबंधी जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगी। इससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि अनुदान और बीज वितरण जैसी योजनाओं का लाभ देने में आसानी होगी।

रिकार्ड का सत्यापन सरल होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी। कई जगह पारिवारिक बंटवारे के बावजूद राजस्व अभिलेख अपडेट नहीं हुए हैं।

कहीं जमाबंदी पुराने खाताधारक के नाम पर है, तो कहीं दाखिल-खारिज पूरा नहीं होने से रिकार्ड में विसंगति है। ऐसे में किसानों को दस्तावेज दुरुस्त कराने के लिए राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।