समस्तीपुर में राइफल चोरी का झूठा केस दर्ज करने पर जन सुराज के पूर्व जिलाध्यक्ष गिरफ्तार
Samastipur Rifle Theft Case: जन सुराज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राज कपूर सिंह को समस्तीपुर में गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें
-1791101915326_m.webp)
लाइसेंसी राइफल पिछले वर्ष सुल्तानपुर गांव में छापेमारी के दौरान बरामद हुई थी।
HighLights
जन सुराज के पूर्व जिलाध्यक्ष राज कपूर सिंह गिरफ्तार।
लाइसेंसी राइफल चोरी की झूठी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस को गुमराह करने के आरोप में हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Rifle Theft Case: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में लाइसेंसी राइफल चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस और प्रशासन को गुमराह करने के आरोप में जन सुराज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राज कपूर सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपित मोहनपुर थाना क्षेत्र के अंदौर गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसकी लाइसेंसी राइफल पिछले वर्ष सुल्तानपुर गांव में छापेमारी के दौरान बरामद हुई थी।
छापेमारी में मिली राइफल
पुलिस के अनुसार, छह जून 2025 को सुल्तानपुर गांव स्थित निलंबित एएसआइ सरोज सिंह के घर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की थी।
कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध एवं प्रतिबंधित आग्नेयास्त्र बरामद किए गए थे। इस मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 113/25 दर्ज किया गया था।
हथियार उपलब्ध कराने का आरोप
अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से राज कपूर सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल सरोज सिंह को उपलब्ध कराई थी।
पुलिस के अनुसार, उक्त हथियार का लाइसेंस संख्या 7550/एनएल/डीएमआर है। छापेमारी के दौरान अन्य हथियारों के साथ राज कपूर सिंह की लाइसेंसी राइफल भी बरामद हुई थी।
चोरी की प्राथमिकी दर्ज
पुलिस के मुताबिक, राइफल बरामद होने की जानकारी मिलने के बाद राज कपूर सिंह ने प्रशासन को गुमराह करने के उद्देश्य से न्यायालय में परिवाद दायर कर दिया।
इसमें उन्होंने अपनी लाइसेंसी राइफल चोरी होने की बात कही थी। इसके आधार पर मोहनपुर थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया।
सत्यापन में खुली पोल
बाद में न्यायालय के आदेश पर कांड संख्या 113/25 में जब्त राइफल का भौतिक सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान बरामद राइफल वही पाई गई, जिसे राज कपूर सिंह ने चोरी होने की बात कहते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस का दावा है कि अनुसंधान में राइफल चोरी का मामला असत्य पाया गया।
साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के मामले में भी राज कपूर सिंह की संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी दल में मोहनपुर थानाध्यक्ष विनय कुमार, दारोगा रामकुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
