दरभंगा में कार की ठोकर से समस्तीपुर के अधिवक्ता, पत्नी व पुत्री घायल
दरभंगा में एक सड़क हादसे में समस्तीपुर के अधिवक्ता, उनकी पत्नी और बेटी घायल हो गए। पोअरिया पुल के पास ...और पढ़ें

दरभंगा में घायलों का जल रहा इलाज।
HighLights
दरभंगा में कार की टक्कर से बाइक सवार परिवार घायल।
समस्तीपुर के अधिवक्ता, पत्नी और बेटी हुए जख्मी।
अधिवक्ता व पुत्री की हालत गंभीर, डीएमसीएच में भर्ती।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। दरभंगा से समस्तीपुर घर लौट रहा एक परिवार सोमवार की शाम सड़क हादसे का शिकार हो गया। विशनपुर थाना क्षेत्र में जीडी गोयनका स्कूल से आगे पोअरिया पुल के पास सामने से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार समस्तीपुर कोर्ट के अधिवक्ता, उनकी पत्नी और पुत्री घायल हो गए। तीनों को पुलिस ने डीएमसीएच की इमरजेंसी में भर्ती कराया। अधिवक्ता और उनकी पुत्री की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार छोड़कर चालक फरार
हादसा सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर विशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए डीएमसीएच भेजा।
अधिवक्ता व पुत्री की हालत गंभीर
अंगारघाट थाना क्षेत्र के मुरियारो निवासी स्व. हरिहर खां के पुत्र मनीष कुमार (40) समस्तीपुर कोर्ट में अधिवक्ता हैं। वह बाइक से अपनी पत्नी श्रुति कुमारी (36) और पुत्री समीक्षा कुमारी के साथ दरभंगा से घर लौट रहे थे। हादसे में तीनों घायल हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मनीष और समीक्षा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
विश्वविद्यालय से लौट रहा था परिवार
घायल श्रुति कुमारी ने बताया कि वह अपने पति के साथ विश्वविद्यालय में काम से आई थीं। काम पूरा करने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पोअरिया पुल के पास सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
विशनपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने घायलों के स्वजन को घटना की सूचना दे दी है। हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की पहचान की जांच में जुटी है।
