विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में दुर्गा पूजा के मेले में फायरिंग, युवक को लगी गोली

By Mukesh kumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 20 Oct 2026 10:49 PM (IST)

समस्तीपुर के पंचरुखी में दुर्गा पूजा मेले के दौरान हुए विवाद में फायरिंग हो गई, जिसमें एक युवक विवेक कुमार ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. दुर्गा पूजा मेले में आपसी विवाद के बाद फायरिंग।

  2. पंचरुखी निवासी युवक विवेक कुमार को लगी गोली।

  3. पुलिस घटना की जांच कर रही, हमलावरों की तलाश।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के पंचरुखी में दुर्गा पूजा के मेले के दौरान आपसी विवाद में फायरिंग की घटना हुई। इसमें गोली लगने से एक युवक जख्मी हो गया।

घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। जख्मी युवक को स्थानीय लोगों की मदद से समस्तीपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

जख्मी युवक की पहचान बेला पंचरुखी निवासी संजीत राय के पुत्र विवेक कुमार उर्फ ऋषभ के रूप में हुई है। वह वार्ड संख्या-14 का निवासी बताया गया है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

बताया गया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर पंचरुखी में मेला लगा हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद के बीच फायरिंग हो गई और एक गोली युवक को लग गई। गोली चलने की आवाज से मेले में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई। जख्मी युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलने पर कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस फायरिंग के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल, विवाद की वजह और फायरिंग में शामिल लोगों के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- मोबाइल पर घर से आती रही कॉल, मुजफ्फरपुर में रेलवे ट्रैक पर मिली पूर्व सैनिक की लाश