विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोबाइल पर घर से आती रही कॉल, मुजफ्फरपुर में रेलवे ट्रैक पर मिली पूर्व सैनिक की लाश

By Gopal TiwariEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 20 Oct 2026 10:39 PM (IST)

मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड पर इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक पूर्व सैनिक मंटू कुमार की मौत हो गई। मानसिक ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में घटना स्थल पर जुटे स्थानीय लोग।

मुजफ्फरपुर में घटना स्थल पर जुटे स्थानीय लोग।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में इंटरसिटी एक्सप्रेस से कटकर पूर्व सैनिक की मौत।

  2. मानसिक तनाव में थे मृतक मंटू कुमार, मोबाइल से हुई पहचान।

  3. जीआरपी ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड पर चंद्रलोक रेलवे गुमटी के समीप रेलवे ओवरब्रिज के नीचे इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर कोठिया निवासी 35 वर्षीय मंटू कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंटू कुमार अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ अनबन के कारण वह मानसिक तनाव में चल रहे थे।

हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि मंटू कुमार ने करीब 15 वर्षों तक सेना में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्ति ले ली थी और घर पर रह रहे थे।

मोबाइल फोन से हुई मृतक की पहचान

घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पूर्व सैनिक का मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल पर उनके घर से लगातार कॉल आ रही थी। इसी के आधार पर मृतक की पहचान हो सकी। इसके बाद रेल पुलिस ने फोन के माध्यम से उनके स्वजन को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के भाई ने शव प्राप्त किया और उसे लेकर शिवहर स्थित अपने घर चले गए।

घटना के बाद ओवरब्रिज पर जुटी लोगों की भीड़

पूर्व सैनिक की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मौजूद लोगों के अलावा पुल से गुजर रहे राहगीर भी रुककर घटना देखने लगे। इसके कारण ओवरब्रिज पर आवागमन प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जीआरपी थाने में यूडी केस दर्ज

जीआरपी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में रेल थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- Bihar News: ट्रेन में शराब मिली तो रेल पुलिसकर्मियों की नीयत डोली, शराब घर ले गए GRP के हवलदार और महिला जवान