विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के विभूतिपुर में सीएसपी से तीन लाख की लूट, ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोचा

Published: Tue, 27 Oct 2026 08:13 PM (IST)

समस्तीपुर के विभूतिपुर में सरस्वती चौक सुरौली स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी से चार हथियारबंद बदमाशों ने करीब तीन ...और पढ़ें

अपराधियों से बरामद दो कट्टा, घटनास्थल पर जांच करते एसडीपीओ, थानाध्यक्ष व मौजूद अन्य। जागरण

अपराधियों से बरामद दो कट्टा, घटनास्थल पर जांच करते एसडीपीओ, थानाध्यक्ष व मौजूद अन्य। जागरण

HighLights

  1. विभूतिपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा सीएसपी से तीन लाख लूटे गए।

  2. चार हथियारबंद बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया, फायरिंग का प्रयास।

  3. ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ा, पुलिस ने रकम-हथियार बरामद किए।

संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। शाहपुर-दलसिंसराय मुख्य पथ किनारे सरस्वती चौक सुरौली पर मंगलवार दोपहर चार की संख्या में पैदल पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने बैंक आफ बड़ौदा के सीएसपी को निशाना बनाया।

लूट की घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब जमा-निकासी करने वाले ग्राहकों की संख्या कम थी। सीएसपी संचालक सुरौली वार्ड चार निवासी विवेक कुमार ने बताया कि करीब तीन लाख रुपये की लूट हुई है। बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया है।

मंगलवार दोपहर करीब एक बजे सीएसपी संचालक प्रत्येक दिन की तरह ग्राहकों से रुपये की जमा-निकासी कर रहे थे। तभी चार की संख्या में हथियारबंद बदमाश सीएसपी में ग्राहक बन कर दाखिल हुए और ग्रील को बंद कर दिया। उसके बाद सीएसपी संचालक को कब्जे में लेकर लूटपाट शुरू कर दी।

विरोध करने पर कट्टा तान दिया। फायरिंग की भी कोशिश की। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे भी निकाल दिए। मुंह बंद होने की वजह सीएसपी संचालक के घिघियाने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार वहां पहुंचे और शोर मचाया।

दो बदमाशों की ग्रामीणों के साथ हाथापाई भी हुई। दोनों अपना चप्पल छोड़ भाग निकले। लोगों ने उनसे दो कट्टा और एक गोली छीन लिए। सीएसपी संचालक से उलझे दो अन्य अपराधी भी मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, दारोगा टीपू कुमार, विशाल प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच छानबीन शुरू की।

गुस्साए लोगों ने की मारपीट

रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा भी स्थल पर पहुंचे। इस बीच नदी किनारे गाछी की ओर छिपे एक अपराधी को देख गांव के बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।

सूचना पर दारोगा टीपू कुमार और विशाल प्रताप सिंह मौके पर पहुंच और लोगों के कब्जे से एक अपराधी को अपने कब्जे में लेना चाहा, मगर गुस्साए लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

इंटरनेट मीडिया पर खबर चलाने के लिए वीडियो बनाने वाले तीन यूट्यूबर के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने किसी तरह बदमाश को बाइक पर बिठाकर मौके से ले जा रहे थे।

रास्ते में शाहपुर पुल पर आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव के प्रयास में दारोगा टीपू चोटिल हो गए। वह बाइक से बदमाश को लेकर किसी तरह थाना पहुंचे। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से दो गोली मिली।

एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि लूट के रुपये और दो कट्टा और तीन गोली बरामद हुई है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में दुकान से घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या