विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के बिथान में बागमती के किनारे दिखा घड़ियाल, व्रतियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

Published: Wed, 04 Nov 2026 06:58 PM (IST)

समस्तीपुर के बिथान में बागमती नदी किनारे घड़ियाल दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की ...और पढ़ें

नदी में घड़ियाल की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है!

नदी में घड़ियाल की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है!

संवाद सहयोगी, बिथान (समस्तीपुर)। Samastipur Bagmati River: जिले के बिथान प्रखंड स्थित सलहा चंदन गांव के समीप बागमती नदी किनारे बुधवार को घड़ियाल दिखाई दिया। इसके बाद सलहा चंदन सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है।

नदी में घड़ियाल की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है और सबसे अधिक परेशानी लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हो रही है।

छठ घाटों की सुरक्षा चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी नदी के किनारे छठ पर्व मनाते हैं और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में नदी में घड़ियाल की मौजूदगी से व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।

ग्रामीणों को आशंका है कि छठ के दौरान नदी में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

नदी किनारे भी दिखा घड़ियाल

ग्रामीणों के अनुसार, घड़ियाल केवल नदी के पानी में ही नहीं, बल्कि बाहर निकलकर किनारे भी घूमता दिखाई दिया है। इससे नदी के आसपास रहने वाले लोगों में भी भय बना हुआ है।

मामले को लेकर भाजपा बिथान उत्तरी मंडल अध्यक्ष शिव शंकर कुशवाहा ने अंचलाधिकारी रूबी कुमारी को आवेदन देकर स्थिति से अवगत कराया है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

शिव शंकर कुशवाहा ने प्रशासन से जल्द संबंधित विभाग की टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना या जनहानि नहीं हो। इधर, सीओ रूबी कुमारी ने बताया कि मामले में संबंधित विभागीय टीम को पत्र अग्रसारित किया जाएगा।

सीओ ने कहा कि जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभागीय स्तर पर जरूरी कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।