मां की आखों के सामने 6 साल की बच्ची ने तोड़ा दम, समस्तीपुर में स्कूल जाते वक्त ट्रक ने छीन लिया जिगर का टुकड़ा
समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय बालिका की मौत हो गई। ...और पढ़ें

बिलखती हुई मां। फोटो जागरण
HighLights
सात वर्षीय बालिका की सड़क हादसे में मौत।
मां के साथ स्कूल जा रही थी स्कूटी पर।
बालू लदे ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार सात वर्षीय बालिका की मौत हो गई।
बालू लदे ट्रक की ठोकर से मां के साथ स्कूल जा रही बालिका ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया।
मृतका की पहचान सरायरंजन थाना के दामोदरपुर महुली अख्तियारपुर निवासी आशुतोष रंजन की सात वर्षीय पुत्री सिद्धी के रूप में हुई है। सिद्धी संत मैरीज स्कूल की छात्रा थी।
बताया गया कि मंगलवार की सुबह वह अपनी मां के साथ स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान हरपुर एलौथ के समीप बालू लदे ट्रक ने स्कूटी में जोरदार ठोकर मार दी। दुर्घटना में सिद्धी गंभीर रूप से जख्मी हो गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर मुसरीघरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतका के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे।
बेटी का शव देखकर मां और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। सड़क पर ही मां अपनी बेटी को याद कर विलाप करती रही। मासूम की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा रहा।
यह भी पढ़ें- Bihar Flood News: पटना में नदियों का जलस्तर घटा, गंगा-पुनपुन अब भी खतरनाक
