विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जानकी एक्सप्रेस और पाटलिपुत्र स्पेशल का समय बदला, ROB कंस्ट्रक्शन के चलते सहरसा-पूर्णिया रूट पर ब्लॉक

Published: Fri, 11 Sep 2026 10:08 PM (GMT+05:30)

सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए रेलवे ने ट्रैफिक और पावर ब्लॉक की अनुमति दे दी है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर आरओबी निर्माण को मिली अनुमति।

  2. 12 से 27 सितंबर तक कई ट्रेनों का परिचालन रहेगा प्रभावित।

  3. जानकी एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र स्पेशल के समय में हुआ बदलाव।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर दौरम मधेपुरा और बैजनाथपुर स्टेशनों के बीच समपार संख्या 95 बी पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से बनने वाले आरओबी के निर्माण के लिए रेलवे ने ट्रैफिक और पावर ब्लॉक की अनुमति दी है।

गर्डर लॉन्चिंग सहित अन्य तकनीकी कार्यों के कारण 12, 13, 15, 17, 20, 26 और 27 सितंबर को इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

रेलवे के अनुसार, ब्लाक सहरसा-पूर्णिया कोर्ट पैसेंजर के गुजरने के बाद प्रभावी होगा। 12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर को सुबह 8.20 से दोपहर 12.20 बजे तक चार घंटे का ब्लॉक रहेगा।

26 सितंबर को 3 घंटे ब्लॉक

वहीं, 26 सितंबर को सुबह 8.20 से 11.20 बजे तक तीन घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक के कारण ट्रेन संख्या 15284 जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस को 12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर को सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा के बीच करीब एक घंटे नियंत्रित कर चलाया जाएगा।

वहीं, ट्रेन संख्या 55570 सहरसा-पूर्णिया पैसेंजर इन छह तिथियों पर सहरसा से 90 मिनट पुनर्निर्धारित होकर खुलेगी। 26 सितंबर को इसे सहरसा और बैजनाथपुर के बीच 40 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

ट्रेन संख्या 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल एक्सप्रेस भी 12, 15 और 27 सितंबर को पूर्णिया कोर्ट से 90 मिनट पुनर्निर्धारित होकर रवाना होगी।

26 सितंबर को इसे बनमनखी और दौरम मधेपुरा के बीच 40 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा जरूरत के अनुसार अन्य मेल, एक्सप्रेस और मालगाड़ियों का परिचालन भी नियंत्रित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दशहरा-दीपावली में यात्रियों को राहत, दक्षिण पूर्व रेलवे ने बढ़ाईं 6 स्पेशल ट्रेनों की सेवाएं