विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के रोसड़ा में नख-बाल के दौरान हादसा, मौसी-भांजी की बूढ़ी गंडक में डूबने से मौत

By Mukesh KumarEdited By: Ajit kumar
Published: Mon, 05 Oct 2026 07:11 PM (IST)

समस्तीपुर के रोसड़ा में नख-बाल रस्म के दौरान बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करते समय एक मौसी और उसकी भांजी ...और पढ़ें

काजल कुमारी (ऊपर) व सोनी कुमारी (नीचे) की फाइल फोटो तथा घटनास्थल पर जुटी भीड़। फोटो सौ. जागरण

काजल कुमारी (ऊपर) व सोनी कुमारी (नीचे) की फाइल फोटो तथा घटनास्थल पर जुटी भीड़। फोटो सौ. जागरण 

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Rosra Nakh Bal Accident: जिले के रोसड़ा शहर के सिनेमा चौक वार्ड-17 में सोमवार को नख-बाल की रस्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया।

बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट पर स्नान करने गईं सगी मौसी-भांजी की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय सोनी कुमारी और उसकी 24 वर्षीय मौसी काजल कुमारी के रूप में हुई है।

सोनी कुमारी मूल रूप से समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के बरैठा गांव निवासी स्वर्गीय संजय सहनी की पुत्री थी।

सिनेमा चौक वार्ड-17 निवासी सीताराम सहनी का 25 सितंबर को निधन हो गया था। सोमवार को उनके नख-बाल कार्यक्रम के दौरान परिवार की महिलाएं परंपरा के अनुसार दोपहर में सीढ़ी घाट पर स्नान करने गई थीं।

सीताराम सहनी के पुत्र पवन सहनी ने बताया कि पिता के निधन की सूचना पर उनकी बहन और भांजी घर आई थीं।

परिवार की अन्य महिलाओं के साथ सोनी और काजल भी घाट पर स्नान कर रही थीं। इसी दौरान सोनी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।

भांजी को बचाने कूदीं मौसी

भांजी को डूबता देख काजल कुमारी उसे बचाने के लिए बिना कुछ सोचे नदी में कूद गईं। गहरे पानी में पहुंचने के बाद वह भी डूबने लगीं।

घाट पर मौजूद महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय मछुआरे मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने का प्रयास शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद मछुआरों ने काजल कुमारी को नदी से बाहर निकाल लिया। उनकी हालत गंभीर थी। स्वजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

तीन घंटे बाद मिला शव

बताया गया कि काजल कुमारी का एक वर्ष का मासूम पुत्र भी है। वहीं, सोनी कुमारी नदी में लापता हो गई थी।

स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों ने करीब तीन घंटे तक तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद सोनी का शव नदी से बरामद किया गया।

एक ही परिवार में पिता की मौत के बाद नख-बाल की रस्म के दौरान दो महिलाओं की डूबने से मौत होने से परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन ने स्वेच्छा से दोनों शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया।

यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में जिउतिया स्नान के दौरान तालाब में डूबी युवती, मां की आंखों के सामने हुआ हादसा