समस्तीपुर से नहीं खुलतीं लंबी दूरी की ट्रेनें: दरभंगा के मुकाबले 6.84 लाख अधिक यात्री, फिर भी कमाई में पीछे
समस्तीपुर जंक्शन पर यात्रियों की संख्या दरभंगा से अधिक होने के बावजूद, रेलवे को दरभंगा से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ ...और पढ़ें
-1791535571212_m.webp)
समस्तीपुर जंक्शन
HighLights
समस्तीपुर में 6.84 लाख अधिक यात्रियों ने यात्रा की।
दरभंगा की आय समस्तीपुर से 20.55 करोड़ रुपये अधिक।
लंबी दूरी की ट्रेनों से दरभंगा को अधिक राजस्व मिला।
मनीष कुमार, समस्तीपुर। समस्तीपुर जंक्शन पर यात्रियों की संख्या दरभंगा जंक्शन से अधिक है, लेकिन यात्री किराया से होने वाली कमाई में दरभंगा आगे है। जनवरी से जुलाई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार समस्तीपुर जंक्शन से 84.25 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जिससे रेलवे को 104.05 करोड़ रुपये की आय हुई।
वहीं, दरभंगा जंक्शन से 77.41 लाख यात्रियों की यात्रा के बावजूद 124.60 करोड़ रुपये का यात्री किराया राजस्व प्राप्त हुआ। इस तरह समस्तीपुर में 6.84 लाख अधिक यात्रियों के आवागमन के बावजूद दरभंगा की आय करीब 20.55 करोड़ रुपये अधिक रही। इस अंतर की प्रमुख वजह दरभंगा जंक्शन से खुलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों और टिकट बुकिंग का पैटर्न है।
दरभंगा से मिलती है लंबी दूरी की ट्रेनें
दरभंगा से दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, अहमदाबाद, पुणे, मैसूर और सिकंदराबाद जैसे गंतव्यों के लिए लंबी दूरी की ट्रेनें उपलब्ध हैं। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों का किराया कम दूरी की यात्रा करने वालों की तुलना में अधिक होता है। इससे कुल यात्री किराया राजस्व बढ़ता है।
दरभंगा से खुलने वाली प्रमुख ट्रेनों में ट्रेन संख्या 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 15557 दरभंगा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस, 15561 दरभंगा–गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस, 12577 बागमती एक्सप्रेस, 15211 जननायक एक्सप्रेस, 15233 मैथिली एक्सप्रेस, 15235 दरभंगा–हावड़ा एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा 15559 दरभंगा–अहमदाबाद अंत्योदय एक्सप्रेस, 22551 दरभंगा–जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस, 15551 दरभंगा–वाराणसी सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस, 17007 दरभंगा–सिकंदराबाद एक्सप्रेस, 19165 साबरमती एक्सप्रेस, 11034 दरभंगा–पुणे एक्सप्रेस और 11062 पवन एक्सप्रेस शामिल हैं।
टिकट बुकिंग और यात्री किराया की आय में बढ़ोतरी
इन ट्रेनों से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण दरभंगा से टिकट बुकिंग और यात्री किराया की आय में बढ़ोतरी होती है। दरभंगा से टिकट बुक कराने के बाद समस्तीपुर जंक्शन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्री भी इस अंतर की एक वजह है। ऐसे यात्री समस्तीपुर स्टेशन पर चढ़ने वाले यात्रियों की संख्या में शामिल होते हैं, जबकि उनकी टिकट बुकिंग दरभंगा से होती है।
इससे समस्तीपुर में यात्रियों का आवागमन अधिक दिखाई दे रहा है। समस्तीपुर जंक्शन मंडल मुख्यालय होने के साथ आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए प्रमुख केंद्र है। यहां से बड़ी संख्या में लोग कम दूरी की यात्रा भी करते हैं।
दूसरी ओर, दरभंगा से खुलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों के कारण प्रति टिकट औसत किराया अधिक रहने की संभावना है। यही अंतर दोनों स्टेशनों के यात्री आवागमन और राजस्व के आंकड़ों में दिखाई देता है।
सात माह में प्रति यात्री औसत आय
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार समस्तीपुर में प्रति यात्री औसत आय करीब 123 रुपये रही, जबकि दरभंगा में यह लगभग 161 रुपये रही। यानी दरभंगा में प्रति यात्री औसत आय समस्तीपुर से करीब 38 रुपये अधिक रही। इससे स्पष्ट होता है कि यात्रियों की संख्या के साथ उनकी यात्रा दूरी और टिकट किराया भी रेलवे की कुल कमाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
