Samastipur News : पूसा में 20 नवंबर को जुटेंगे कृषि के होनहार, 1000 से अधिक छात्रों को मिलेगी उपाधि
Pusa Agricultural University : डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में 20 नवंबर को दीक्षा समारोह आयोजित होगा, जिसमें ...और पढ़ें

पूसा विश्वविद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार। सौ. विश्वविद्यालय
HighLights
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में 20 नवंबर को दीक्षा समारोह।
एक हजार से अधिक छात्रों को मिलेगी स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधि।
समारोह में मिथिला संस्कृति की झलक, राज्यपाल के आने की संभावना।
जागरण संवाददाता, पूसा (समस्तीपुर)। कृषि शिक्षा पूरी कर नई राह पर कदम रखने वाले एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के लिए 20 नवंबर खास दिन होगा। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में इस दिन दीक्षा समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इस बार कार्यक्रम की खासियत डिग्री और गोल्ड मेडल के साथ मिथिला की समृद्ध संस्कृति की झलक भी होगी। मंच सज्जा से लेकर अतिथि स्वागत तक में मिथिला पेंटिंग और स्थानीय परंपराओं को प्रमुखता दी जाएगी।
25 से अधिक समितियां संभालेंगी जिम्मेदारी
समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 25 से अधिक समितियों का गठन किया है। इनमें 100 से अधिक वैज्ञानिकों, शिक्षकों और अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंच सज्जा, अतिथि स्वागत, डिग्री वितरण, सुरक्षा, मीडिया प्रबंधन, खानपान, स्टेज मैनेजमेंट और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
राज्यपाल के आने की तैयारी
जानकारी के अनुसार बिहार के राज्यपाल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं। राज्यपाल सह कुलाधिपति के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कुलपति डॉ. पी. एस. पाण्डेय स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों के साथ पांच घंटे से अधिक समय तक बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
20 छात्रों को मिलेगा गोल्ड मेडल
समारोह में वर्ष 2025 और 2026 में उत्तीर्ण एक हजार से अधिक विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी। इसमें स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के छात्र शामिल होंगे। शैक्षणिक सत्र 2025 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 20 छात्रों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। सत्र 2026 के उत्कृष्ट छात्रों को भी स्वर्ण पदक दिए जाएंगे।
किसान मेले की भी तैयारी
कुलपति ने कहा कि दीक्षा समारोह विद्यार्थियों के भविष्य की नई उड़ान का प्रतीक है। वहीं, सूत्रों के अनुसार समारोह के बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में किसान मेला आयोजित किया जा सकता है। इसमें कृषि की नई तकनीक, बीज और कृषि यंत्र प्रदर्शित किए जाएंगे। मेले में बिहार समेत देशभर से हजारों किसानों के पहुंचने की संभावना है।
