समस्तीपुर के बिथान से हत्या मामले में वांछित आरोपित गिरफ्तार, पंजाब पुलिस ले गई साथ
Samastipur Bithan Murder Case: पंजाब पुलिस ने समस्तीपुर के बिथान से होशियारपुर हत्या मामले के वांछित आरोपी मोती साहनी को ...और पढ़ें

मोती साहनी होशियारपुर के माडल टाउन थाना में दर्ज हत्या के मामले में वांछित है।
HighLights
पंजाब पुलिस ने बिथान से हत्यारोपी मोती साहनी को पकड़ा।
होशियारपुर के हत्याकांड में वांछित था आरोपी साहनी।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाया गया।
अभिनव कुमार, समस्तीपुर। Samastipur Bithan Murder Case: पंजाब के होशियारपुर के माडल टाउन थाना में दर्ज हत्या के मामले में वांछित आरोपित को पंजाब पुलिस ने समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान कुआं गांव निवासी लक्ष्मी साहनी के पुत्र मोती साहनी के रूप में हुई है। होशियारपुर के माडल टाउन थाना कांड संख्या 110/24 में वह नामजद आरोपित था और उसकी तलाश की जा रही थी।
गुजरात में दी थी पनाह
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपितों को मोती साहनी ने पनाह दी थी। उस समय वह गुजरात में नौकरी करता था और घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित उसके साथ गुजरात में रहे थे। बाद में आरोपित उसके साथ बिथान भी पहुंचे, जहां वे पुलिस की नजर से बचकर रहे।
पुलिस ने बाद में हत्या के अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मोती साहनी की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी मामले में आरोपित बनाया। उसके विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद पंजाब पुलिस ने बिथान पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले गई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस ने मोती साहनी को ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने के लिए संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पंजाब पुलिस उसे अपने साथ पंजाब ले गई।
वहां उसे संबंधित थाना पुलिस के समक्ष प्रस्तुत कर हत्या के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिथान थानाध्यक्ष राज किशोर ने बताया कि पंजाब पुलिस आरोपित को अपने साथ ले गई है।
2024 में हुई थी हत्या
14 मई 2024 को राहुल उर्फ बाबा (27) की हत्या का मामला दर्ज हुआ था। राहुल रेलवे स्टेशन पर काम करता था। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया था।
जान बचाने के लिए वह एक शोरूम में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने वहां भी उसका पीछा किया और उस पर वार करते रहे।
लोगों के शोर मचाने पर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से जख्मी राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हालत नाजुक होने के कारण उसे पीजीआई रेफर किया गया, जहां मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पांच लोगों पर दर्ज था केस
इसके बाद राहुल की मां बबली के बयान पर पुलिस ने हैरी, लविश, हनी, ऐलिश और गुल्ली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी मामले में वांछित मोती साहनी को अब पंजाब पुलिस ने बिथान से गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में जांच के बाद नगरा तक पहुंची आंच, छपरा में BRC के अकाउंटेंट की गिरफ्तारी से हड़कंप
