विवाहिता की हत्या मामले में संपत्ति कुर्क
दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रघुवरपुर गांव में 16 जून 2019 की दोपहर दहेज के डेढ़ लाख रुपये को लेकर ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर बुधवार को आरोपित ससुराल वालों के घर की संपत्ति कुर्क की।
समस्तीपुर । दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रघुवरपुर गांव में 16 जून 2019 की दोपहर दहेज के डेढ़ लाख रुपये को लेकर ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर बुधवार को आरोपित ससुराल वालों के घर की संपत्ति कुर्क की। दारोगा सुनील कुमार सिंह और राकेश दुबे के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने घर के सामानों को जब्त कर लिया। गौरतलब हो कि रघुवरपुर गांव में 16 जून 2019 को विवाहिता मंजय लाल राय की पत्नी रानी देवी (20 वर्ष) की हत्या ससुराल वालों ने कर दी थी। मृतका के दादा मोख्तियारपुर सलखन्नी वार्ड संख्या चार निवासी आनंदी राय ने पुलिस को बताया था कि मार्च महीने में ही धूमधाम के साथ पोती की शादी की थी। शादी के बाद से ही उसका पति और उसके परिजन दहेज के डेढ़ लाख रुपए और देने की मांग कर रहे थे। नहीं देने पर ससुराल वालों ने पहले पोती की गला दबाकर हत्या कर दी। फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए आग लगा दिया। इसकी सूचना लड़का का भाई जो गोहाटी में रहता है, उसने फोन कर लड़की के मामा को दी। जानकारी मिलने के बाद सभी लड़की के ससुराल पहुंचे तो देखा कि पोती की जीभ बाहर निकली। वहीं वह जली पड़ी थी। उसके आसपास की कोई चीज जली हुई नहीं पाई गई।