समस्तीपुर में पुलिस टीम पर हमला, शराब तस्कर को छुड़ा ले गए ग्रामीण; सिपाही-चौकीदार का मोबाइल छीना
रोसड़ा के काजी डुमरा गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ। ग्रामीणों ने ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में शराब तस्कर
HighLights
काजी डुमरा में पुलिस टीम पर हमला हुआ।
शराब तस्कर को छुड़ाकर भगा दिया गया।
आठ हमलावर गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, रोसड़ा। थाना क्षेत्र के काजी डुमरा गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर धंधेबाज के स्वजन एवं ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। शराब के साथ गिरफ्तार धंधेबाज को पुलिस वाहन से उतारकर भगा दिया। इस दौरान भीड़ द्वारा पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ मारपीट व महिला सिपाही से दुर्व्यवहार किया गया। सिपाही एवं चौकीदार का मोबाइल भी छीन लिया।
गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने काजी डुमरा में छापेमारी कर किराना दुकान की आड़ में देसी चुलाई शराब का धंधा कर रहे लालबाबू पासवान को छह लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसी बीच उसकी पत्नी मनीषा देवी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हंगामा शुरू कर दिया।
चौकीदार का मोबाइल भी छीना
पुलिस अभिरक्षा से जबरन लाल बाबू पासवान को मुक्त कराकर भगा दिया। मारपीट में दो पुलिस पदाधिकारी व एक कर्मी घायल हो गए। भीड़ द्वारा महिला सिपाही से भी अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही एक सिपाही एवं एक चौकीदार का मोबाइल भी छीन लिया।
मंगलवार रात्रि में घटित घटना को लेकर चल रही चर्चा के अनुसार भीड़ की संख्या में वृद्धि देख पुलिस टीम जान बचाकर वहां से उल्टे पांव भाग निकली।
15 नामजद में आठ गिरफ्तार, छापेमारी जारी
घटना के संबंध में पुलिस पदाधिकारी के बयान पर अलग अलग दो प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें एक अवैध शराब धंधे से संबंधित तथा दूसरा सरकारी कार्य में बाधा एवं मारपीट व दुर्व्यवहार करने से संबंधित है। उक्त मामले में 15 नामजद तथा 30-40 अज्ञात को आरोपित किया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा काजी डुमरा में सघन छापामारी की गई। इसमें 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
रोसड़ा थाना के काजी डुमरा में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करने गई रोसड़ा पुलिस टीम पर धंधेबाज एवं सहयोगियों द्वारा हमला किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। - संजय कुमार सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोसड़ा
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में बदमाशों से भिड़ गई छात्रा, बहादुरी देख भागने लगे मनचले, एक पकड़ाया
