समस्तीपुर को 502.77 करोड़ की आठ योजनाओं की सौगात, जलापूर्ति बिजली और खेल सुविधाओं का होगा विस्तार
PM Modi Bihar Projects Samastipur: प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार दौरे पर समस्तीपुर जिले के लिए 502.77 करोड़ रुपये की आठ विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में जलापूर्ति, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और शहरी आवास शामिल हैं।

60 लाभुकों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई जबकि बाकी का स्थानीय स्तर पर गृह प्रवेश हुआ।
HighLights
पीएम मोदी ने समस्तीपुर में 502.77 करोड़ की योजनाएं समर्पित कीं।
जलापूर्ति, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल परियोजनाओं का विस्तार होगा।
326 लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह प्रवेश मिला।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Development Projects News: पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे के दौरान वैशाली में आयोजित जनसभा से समस्तीपुर जिले को 502.77 करोड़ रुपये की आठ विकास योजनाओं का शुभारंभ कर समर्पित किया।
इनमें जलापूर्ति, विद्युत, शिक्षा, श्रम, स्वास्थ्य, खेल और शहरी आवास की परियोजनाएं शामिल हैं, जिससे जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
पीएम ने समस्तीपुर नगर निगम के लिए 228.45 करोड़ रुपये की जलापूर्ति परियोजना फेज एक का शिलान्यास किया, जिससे जल आपूर्ति बेहतर होगी।
बिजली और खेल सुविधाओं को बल
इसके अलावा 181 करोड़ रुपये की लागत से एलआर परियोजना के तहत विद्युत अंचलों के सुदृढ़ीकरण का शुभारंभ किया गया, जबकि 62.78 करोड़ रुपये से चकमहेसी के बख्तियारपुर, मोहिउद्दीननगर के मोहम्मदीपुर, पूसा के कैजिया बिशनपुर और सरायरंजन के नरघौघी में चार 33 11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र शुरू हुए।
शिक्षा के क्षेत्र में 6.52 करोड़ रुपये से चार उच्च माध्यमिक व उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवनों और शहर के आरएसबी इंटर स्कूल में 10.31 करोड़ रुपये से स्पोर्ट्स हाल सह जिम्नेजियम भवन का शुभारंभ किया गया।
श्रम विभाग के लिए 6.33 करोड़ रुपये की लागत से जिला स्तरीय संयुक्त श्रम कार्यालय भवन की शुरुआत हुई, जबकि उजियारपुर और कल्याणपुर में 86 लाख रुपये से दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू किए गए।
326 लाभुकों का गृह प्रवेश
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत समस्तीपुर नगर निगम में 16, दलसिंहसराय में 66 और रोसड़ा में 244 सहित कुल 326 लाभुकों का शनिवार को गृह प्रवेश कराया गया।
समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मेयर अनीता राम, डीएम रोशन कुशवाहा, उप मेयर रामबालक पासवान, जिला पार्षद उपाध्यक्ष ठाकुर उदर शंकर और नगर आयुक्त गौतम कुमार ने 60 लाभुकों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपी, जबकि बाकी का स्थानीय स्तर पर गृह प्रवेश हुआ।
कार्यक्रम के दौरान दलसिंहसराय वार्ड 22 निवासी रेखा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया, जहां स्थिति सामान्य होने के बाद वे घर लौट गईं।