बिथान में भी शांतिपूर्ण रहा मतदान, मतगणना आज
समस्तीपुर। प्रखंड क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष व प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए रविवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। रविवार को हुए मतदान में 59.50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
समस्तीपुर। प्रखंड क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष व प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए रविवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। रविवार को हुए मतदान में 59.50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भारी प्रशासनिक एवं पुलिसिया व्यवस्था के बीच मतदान कराया गया। कहीं-कहीं आपस में नोंकझोंक भी हुई, लेकिन इन सब के बीच मतदान शांतिपूर्ण रहा। प्रखंड क्षेत्र के 13 पैक्सों में से 07 पैक्सों के अध्यक्ष पदों के लिए यह चुनाव कराया गया है। जबकि छह पंचायतों बेलसंडी, नरपा, पुसहो, बिथान, सिहमा एवं उजान के पैक्स अध्यक्ष निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इसके लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जहां 11 हजार आठ सौ 47 मतदाताओं को मतदान में हिस्सा लेना था। रविवार को संपन्न हुए मतदान में सात हजार 75 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह मतदाताओं ने क्षेत्र के पैक्स अध्यक्षों के 20 एवं प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद के 22 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई है। मतगणना केंद्र प्रखंड मुख्यालय के बज्रगृह में सभी मतपेटी को रखकर सील कर दिया गया है। सोमवार की सुबह से मतगणना होगी। मतदान के दौरान लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी रोसड़ा शिवशंकर पासवान, बिथान थानाध्यक्ष संतोष कुमार, सिघिया थानाध्यक्ष पंकज पाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी आफताब आलम, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी राज मिश्रा समेत अन्य काफी सक्रिय दिखे।