पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे को मिली रफ्तार, डीपीआर के बाद अब टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की तैयारी
Bihar Expressway Infrastructure: पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे परियोजना को गति मिल गई है, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। यह 215 किमी लंबा, 4-लेन (6-लेन तक विस्तार योग्य) एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे पटना से पूर्णिया की यात्रा को 7-8 घंटे से घटाकर 3-3.5 घंटे कर देगा। यह बिहार की अर्थव्यवस्था, विशेषकर सीमांचल क्षेत्र को बढ़ावा देगा, और 2027-28 तक पूरा होने का लक्ष्य है।

Bihar Development: भारतमाला परियोजना (चरण-2) के तहत सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। फाइल फोटो
HighLights
डीपीआर तैयार, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया।
बिहार का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा।
यात्रा समय 7-8 घंटे से घटकर 3-3.5 घंटे होगा।
डिजिटल डेस्क, समस्तीपुर। Patna Purnia Expressway Project: बिहार के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे अब धरातल पर उतरने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद अब इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इस बीच समस्तीपुर समेत अन्य जिलों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
यह एक्सप्रेसवे राज्य का पहला एक्सेस-कंट्रोल एक्सप्रेसवे होगा, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन बेहद आसान हो जाएगा। पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे को केंद्र सरकार की भारतमाला परियोजना (चरण-2) के तहत सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है।
परियोजना की अनुमानित लागत करीब 12 से 13 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिसमें निर्माण कार्य के साथ-साथ भूमि अधिग्रहण की लागत भी शामिल है। डीपीआर को अंतिम रूप दिए जाने के बाद अब संबंधित एजेंसियां टेंडर प्रक्रिया की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

करीब 215 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे की शुरुआत पटना (बिदुपुर) से होगी, जो वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया और मधेपुरा से होते हुए पूर्णिया तक पहुंचेगा।
गंगा नदी पर बन रहे कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल के माध्यम से यह एक्सप्रेसवे पटना से सीधे जुड़ेगा, जिससे राजधानी से सीमांचल तक निर्बाध संपर्क स्थापित होगा।
वर्तमान में इस परियोजना से जुड़े विभिन्न जिलों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में चल रही है। परियोजना का डिजाइन चार लेन का रखा गया है, जिसे भविष्य में छह लेन तक विस्तारित करने का प्रावधान है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा इसके कुछ हिस्सों के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू किए जाने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य है कि भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य की गति बनी रही तो इस एक्सप्रेसवे को वर्ष 2027–28 तक पूरा कर लिया जाए।
निर्माण शुरू होने के बाद इसे पूरा करने में करीब 30 से 36 महीने का समय लगने का अनुमान है। एक्सप्रेसवे के बन जाने से पटना से पूर्णिया की यात्रा, जो अभी 7–8 घंटे में पूरी होती है, घटकर मात्र 3 से 3.5 घंटे की रह जाएगी। इससे सीमांचल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मक्का, मखाना और अन्य कृषि उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। साथ ही यह मार्ग भविष्य में इंडो–नेपाल बॉर्डर और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी एक अहम कनेक्टिविटी कॉरिडोर साबित होगा।
कुल मिलाकर, पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे बिहार में सड़क नेटवर्क, निवेश और रोजगार के नए अवसर खोलने वाला एक बड़ा गेम-चेंजर प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
NDA सरकार के नेतृत्व में बिहार में वर्ल्ड क्लास 6-लेन पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे का निर्माण। यह एक्सप्रेस-वे 7 जिलों — सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया से होकर गुजरेगा। इसकी शुरुआत सारण के दिघवारा से होगी और यह वैशाली (मीरनगर, बिदुपुर, देसरी), समस्तीपुर… pic.twitter.com/7yE8FXvpTO
— Vijay Kumar Sinha (@VijayKrSinhaBih) February 13, 2026
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।