विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आखिरी गेंद पर जीत, पटना ने मेजबान दरभंगा को दी शिकस्त, सेमीफाइनल में पहुंचे दोनों प्रमंडल

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:12 PM (IST)

समस्तीपुर के पटेल मैदान में अंतर प्रमंडलीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले हुए। पटना और मगध की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

दरभंगा को हराने के बाद पटना प्रमंडल की टीम।

दरभंगा को हराने के बाद पटना प्रमंडल की टीम।

HighLights

  1. मगध ने आखिरी गेंद पर एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।

  2. पटना ने दरभंगा को 29 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

  3. अवनीश कुमार ने चार विकेट लेकर पटना की जीत में अहम भूमिका निभाई।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। पटेल मैदान में शुक्रवार को अंडर-14 क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहा। एक मुकाबले में मगध की टीम ने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर जीत दर्ज की तो दूसरे में पटना ने मेजबान दरभंगा को 29 रन से शिकस्त दी। इन दो रोमांचक मुकाबलों के साथ पटना और मगध ने अंतर प्रमंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

आखिरी गेंद पर मगध ने मारी बाजी

राज्य खेल प्राधिकरण के बैनर तले जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में मुंगेर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। राजगीर भारती के 33, फैज आलम के 17 और यशराज के 10 रनों की मदद से टीम ने निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट पर 99 रन बनाए।

नौ विकेट गंवाकर लक्ष्य किया हासिल

100 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम को प्रशांत (32) और अंतरिक्ष राज (18) ने संभाला। मुकाबला आखिरी गेंद तक पहुंच गया। अंतिम गेंद पर एक रन लेकर मगध ने नौ विकेट के नुकसान पर 100 रन बनाते हुए एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।

पटना ने खड़ा किया 133 रनों का स्कोर

दूसरे मुकाबले में पटना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। यशराज ने 51 और कुमार रोचक ने 50 रनों की शानदार पारी खेली। आयुष ने भी 22 रनों का योगदान दिया। इन बल्लेबाजों के दम पर पटना ने तीन विकेट पर 133 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

मेजबान दरभंगा की टीम 104 पर सिमटी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा की टीम के बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। अयान ने 23, कार्तिकेयन झा ने 18, एमडी सोफियान ने 15, आयुष ने 12 और कुमार प्रियांशु ने 11 रन बनाए। इसके बावजूद पूरी टीम 13.1 ओवर में 104 रनों पर सिमट गई।

अवनीश की गेंदबाजी ने पलटा मैच

पटना की जीत में अवनीश कुमार की गेंदबाजी निर्णायक रही। उन्होंने तीन ओवर में महज 12 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनकी धारदार गेंदबाजी के सामने दरभंगा के बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके। इस तरह पटना ने 29 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।